पिथौरागढ़। जिलाधिकारी सीएमएस बिष्ट ने प्रशिक्षु टीईटी (शिक्षण पात्रता परीक्षा) चयनित शिक्षकों को दस दिन के भीतर नियुक्ति पत्र देने का आश्वासन दिया है। डीएम ने बताया कि मुख्य शिक्षाधिकारी के अवकाश में होने की वजह से नियुक्ति पत्र जारी होने में विलंब हो रहा है। उन्होंने प्रशिक्षु शिक्षकों से धैर्य बरतने की अपील की है। शिक्षकों ने दस दिन में नियुक्ति नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेंद्र लुंठी के नेतृत्व में प्रशिक्षु टीईटी चयनित शिक्षकों ने डीएम से मुलाकात कर नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग की। डीएम ने प्रभारी शिक्षाधिकारी से फोन पर वार्ता कर नियुक्ति पत्र जारी करने में हो रहे देरी के बारे मेें जानकारी हासिल की। प्रभारी शिक्षाधिकारी ने बताया कि मुख्य शिक्षाधिकारी वीके टम्टा के 23 सितंबर तक अवकाश में होने की वजह से नियुक्ति पत्र जारी होने में विलंब हो रहा है। उन्होंने बताया कि 24 सितंबर से चयन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
डीएम से मुलाकात करने के बाद प्रशिक्षु टीईटी चयनित शिक्षकों ने रामलीला मैदान में बैठक बुलाकर 30 सितंबर तक नियुक्ति नहीं मिलने की दशा में आंदोलन करने की रणनीति बनाई जाएगी। बैठक में राजेंद्र प्रसाद, राजेंद्र बिष्ट, प्रकाश जोशी, रमेश बोरा, पुष्कर सिंह खोलिया, गोपाल सिंह, केवलानंद, विजय भट्ट, धीरज पंत, मंजू बोरास, राजा जोशी, दीप्ति जोशी, दीपा जोशी, पुष्पा बोहरा, नवीन कापड़ी आदि मौजूद थे।