पिथौरागढ़। नेपाल सीमा से लगे झूलाघाट कस्बे में एटीएम नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। यहां के व्यापारियों ने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) में एटीएम लगाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने अल्मोड़ा के क्षेत्रीय प्रबंधक को ज्ञापन भेजा है।
मुख्यालय से करीब 42 किलोमीटर दूर झूलाघाट कस्बा सीमांत में होने के चलते कारोबारी तौर पर खासा मजबूत है। यहां एसबीआई के अलावा उत्तरांचल ग्रामीण बैंक की शाखा है। लेकिन एटीएम एक भी नहीं है। व्यापारियों का कहना है कि यहां एसबीआई में एटीएम भवन भी बन गया है। और बैंक ने ग्राहकों को एटीएम कार्ड भी जारी कर दिया है। लेकिन अभी तक एटीएम शुरू नहीं हुआ। इस वजह से कारोबारियों से लेकर आम नागरिकों को भारी दुश्वारी झेलनी पड़ रही है। तालेश्वर माइक्रोहाइड्रिल, कस्टम, पुलिस थाने समेत कई विभागीय कार्यालयों के अलावा बड़ी तादाद में पेंशनर्स है।
व्यापार संघ अध्यक्ष संजीव जोशी के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शाखा प्रबंधक के माध्यम से एसबीआई के अल्मोड़ा के क्षेत्रीय प्रबंधक को ज्ञापन भेजा है। एसबीआई के शाखा प्रबंधक नवीन टोलिया का कहना है कि एटीएम लगाने के लिए प्रक्रिया की जा रही है। अंतिम स्वीकृति क्षेत्रीय प्रबंधक अल्मोड़ा के माध्यम से होगी।
प्रतिनिधिमंडल में व्यापार संघ उपाध्यक्ष रमेश कलखुड़िया, सचिव नीरज भट्ट, पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मी दत्त गड़कोटी, संजय पंगरिया, सुरेश भट्ट, दशरथ खड़ायत, दीपक इजरवाल, उमेश भट्ट आदि शामिल थे।