पिथौरागढ़। प्राथमिक शिक्षकों की पदोन्नति, सर्व शिक्षा अभियान (एसएसए) के तहत संचालित स्कूलों के शिक्षकों को समय पर वेतन देने समेत कई मांगों को लेकर प्राथमिक शिक्षक संघ के नेतृत्व में शिक्षकों ने सीईओ कार्यालय में प्रदर्शन किया। विधायक मयूख महर ने आंदोलन स्थल पर पहुंच कर शिक्षकों से आंदोलन समाप्त करने की अपील की पर शिक्षक नहीं माने।
संगठन के प्रांतीय संरक्षक गिरधर सिंह बिष्ट, जिलाध्यक्ष निर्मला महर के नेतृत्व में सीईओ कार्यालय में एकत्र शिक्षकों ने अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। संगठन की जिलाध्यक्ष महर ने कहा कि प्राथमिक शिक्षकों को प्रधानाध्यापक और प्रधानाध्यापक की जूनियर हाईस्कूल के शिक्षक के पद पर पदोन्नति का मामला अधिकारियों ने लंबे समय से लटका रखा है। बार-बार मांग उठाने के बाद भी एसएसए के तहत संचालित स्कूलों के शिक्षकों को समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा है।
विधायक मयूख महर ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर शिक्षकों की मांगे शासन के सामने रखने का भरोसा दिलाते हुए आंदोलन समाप्त करने की अपील की, शिक्षकों ने मांग पूरी होने के बाद ही आंदोलन समाप्त करने की बात कही। प्रदर्शन में करन सामंत, प्यारे लाल वर्मा, छिंदिमा बृजवाल, हीरा सिंह ग्वाल समेत तमाम लोग शामिल थे।