मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। शासन ने राजकीय डिग्री कालेज मुनस्यारी के भवन निर्माण के लिए 163 नाली जमीन उपलब्ध करा दी है। यह जमीन राजकीय इंटर कालेज के हिस्से से दी गई है। जीआईसी के पास पर्याप्त जमीन होने के कारण यह फैसला लिया गया है। इसके अलावा कालेज में एमए स्तर पर इतिहास और हिंदी विषय को मंजूरी मिल गई है।
प्राचार्य डा. डीएस पांगती ने बताया कि विधायक हरीश धामी ने जमीन के हस्तांतरण के लिए प्रयास किया था। आज इसका शासनादेश हो गया है। मुनस्यारी डिग्री कालेज वर्ष 2000 में खुल गया था लेकिन अब तक कालेज का भवन नहीं बना है। प्राचार्य ने बताया कि जल्दी ही भवन निर्माण के लिए धन मिल जाएगा और काम शुरू होगा। कालेज में भूगोल, समाजशास्त्र और अंग्रेजी प्रवक्ताओं के पद इस समय रिक्त हैं। इन पदों को अगले शिक्षा सत्र में भरने के लिए उच्च शिक्षा निदेशक से बात हो गई है। सीमांत के इस कालेज की व्यवस्था पिछले 14 वर्षों से पटरी पर नहीं आ पाई है। अब जमीन उपलब्ध हो जाने के बाद भवन के निर्माण की उम्मीद जाग गई है।