पिथौरागढ़। छेड़ा से आगर तक प्रस्तावित सड़क का निर्माण कार्य बंद किए जाने से नाराज लोगों ने आज जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि यदि सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। इन लोगों ने जिलाधिकारी एचसी सेमवाल को भी ज्ञापन दिया है।
छेड़ा से आगर तक सड़क की मांग को लेकर लोगों ने 15 सालों से आवाज उठाई है। एक वर्ष पूर्व शासन ने सड़क को मंजूरी दी और पीएमजीएसवाई से धन मंजूर किया। नवंबर 2013 से सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ और अब तक 300 मीटर सड़क बनकर तैयार हो गई है। बताया गया है कि उससे आगे खेत गांव की जमीन पड़ रही है। गांव के लोगों ने अपनी जमीन में सड़क बनाने का विरोध किया है। लोगों के विरोध को देखते हुए ठेकेदार ने काम बंद कर दिया है। सड़क का काम रुकने से लोग खासे नाराज हैं। उनका कहना है कि सड़क का पहले ही सर्वे हो चुका है। अब काम शुरू होने के बाद विरोध ठीक नहीं है। जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई के अधिकारियों से कहा है कि सुलह समझौता कराने के बाद सड़क का निर्माण शुरू किया जाए।
प्रदर्शन में सरपंच पूरन सिंह, हरिनंदन पांडे, भवान सिंह, भुवन चंद्र, मोहन पांडे, नरेश चंद्र, देवेंद्र पांडे, ममता पांडे, भावना पांडे समेत तमाम लोग शामिल थे। इनका कहना है कि समाधान न होने पर चुनाव बहिष्कार होगा।