पिथौरागढ़। भाकपा माले ने जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन देकर 13 अप्रैल को मुख्यमंत्री हरीश रावत और विधायक हरीश धामी का पुतला फूंकने की अनुमति मांगी है।
भाकपा माले जिला सचिव जगत मर्तोलिया ने ज्ञापन में कहा है कि 10 अप्रैल 13 को मुनस्यारी तहसील में मोरी के पास कच्चे पुल से एक महिला गोरी नदी में गिरकर मौत हो गई थी। उन्होंने कहा है कि इस घटना के लिए राज्य सरकार के साथ साथ मुख्यमंत्री और विधायक जिम्मेदार है। उन्होंने कहा है कि आपदा के दस माह बाद भी कच्चे पुल की तकनीकी जांच क्यों नहीं की गई। मुख्यमंत्री और विधायक ने धारचूला दौरे के समय आपदा प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति सामान्य होने का दावा किस मुंह से किया था। पुल निर्माण के लिए अब तक धन उपलब्ध न कराने के दोषी लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। सरकारी लापरवाही के कारण मरी महिला के परिजनों को दस लाख रुपये मुआवजा दिया जाए। गोरी नदी में बसंतकोट, घरूड़ी, मोरी, फल्यांटी में श्रमदान से बने पुलों की जगह पक्के पुलों का निर्माण किया जाए।
श्री मर्तोलिया ने कहा है कि इस लापरवाही के खिलाफ उनकी पार्टी विरोध प्रदर्शन करना चाहती है। इसकी अनुमति मांगी गई है। क्योंकि इस समय आचार संहिता लगी है। प्रशासन ने अभी तक अनुमति नहीं दी है।