गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। डूनी के ढुल्यूड़ा गांव में डायरिया रोग फैल गया है। सात लोगों को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती किया गया है। गांव में तमाम लोग इस रोग की चपेट में बताए जा रहे हैं।
आशा कार्यकर्ता मुन्नी महरा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गांव में उल्टी- दस्त रोग फैलने की सूचना दी। गंगोलीहाट की 108 एंबुलेंस खराब होने के कारण बेड़ीनाग से 108 वाहन मंगाया गया। 108 वाहन से लछिमा देवी (46), धनुली देवी (60), सुनीता (30), गीता (33) को गंगोलीहाट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बताया गया है कि जगदीश राम (28), गोपाल राम (70), ममता (25) का चौनाला के निजी चिकित्सालय में इलाज चल रहा है। मरीजों का इलाज करने वाले डा. अजय ने बताया कि गांव में भी कई लोगों के उल्टी-दस्त रोग से पीड़ित होने की सूचना मिली है। फार्मेसिस्ट दीप प्रकाश पंत और नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम गांव के लिए रवाना कर दी गई है। इससे पहले तहसील के उप्राड़ा और जजुट में जबरदस्त तरीके से उल्टी-दस्त रोग फैला था, जिसको काबू करने में तीन दिन का समय लग गया। उल्टी-दस्त रोग फैलने के पीछे दूषित पानी का सेवन ही मुख्य कारण माना जाता है। चिकित्सकों ने लोगों को दूषित पानी और बासी भोजन का सेवन न करने की सलाह दी है।