पिथौरागढ़। नगर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस ने बड़ी कवायद शुरू कर दी है। गलत तरीके से वाहनों को खड़ा करने वालों का सीधे चालान किया जा रहा है। आज पुलिस की कई टीमों को हर चौराहे पर तैनात किया गया। दो दिन में पुलिस ने 80 वाहनों का चालान कर दिया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी हरीश चंद्र सती ने बताया कि रोडवेज स्टेशन से केएमओयू स्टेशन की तरफ जीपों के जाने में रोक लगा दी गई है। जो जीप चालक इस नियम का उल्लंघन करेगा उसका तत्काल चालान किया जा रहा है। इसी तरह अपटैक तिराहे से घंटाकरण होते हुए सिल्थाम जाने के लिए बड़े वाहनों पर रोक लगा दी गई है। पुलिस की एक टीम को अपटैक तिराहे पर ही तैनात कर दिया गया है। नगर की यातायात व्यवस्था बिगड़ने का मुख्य कारण यह है कि कुछ स्थानों पर लोग सड़क के दोनों ओर वाहन खड़ा कर रहे हैं। अब यह नियम सख्ती से लागू किया गया है कि वाहन सड़क के एक ही ओर खड़े होंगे। पुलिस ने नगर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पहले बड़ा होमवर्क किया था। बाद में गहन अध्ययन के बाद यह निष्कर्ष निकाला गया कि अक्सर जाम की नौबत दोनों ओर से बड़े वाहनों के चलने से आती है। ऐसे में यह तय किया गया कि बड़े वाहनों के लिए सिंगल रूट बनाया जाए। शुक्रवार को इस फैसले का असर दिखा। बैंक रोड में आज जाम की नौबत नहीं आई।