कनालीछीना (पिथौरागढ़)। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है। मजदूर साइट पर रात के समय जेसीबी की निगरानी करता था।
बीआरओ के अधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि बंदरलीमा निवासी सहदेव भट्ट (52) बीआरओ में मजदूर के तौर पर कार्यरत थे। पिछले कुछ समय से उनकी ड्यूटी खिरचना पुल पर रात के समय खड़ी रहने वाली जेसीबी की देखरेख के लिए लगाई गई थी। मजदूर मशीन के पास ही टैंट लगाकर रहता था। रविवार रात मजदूर की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। कुछ लोगों ने सोमवार सुबह बीआरओ के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद बीआरओ के अधिकारी दिलीप कुमार और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। दिलीप कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को इसकी जानकारी दे दी गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
उधर, क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता रमेश चंद्र पांडे ने मजदूर के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग करते हुए कहा है कि सहदेव पिछले 30 वर्षों से बीआरओ में काम करता था। परिवार के एकमात्र कमाऊ व्यक्ति की मौत से परिवार पर आर्थिक संकट पैदा हो गया है।