थल (पिथौरागढ़)। तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ने से आक्रोशित लोगों ने आज फिर प्रदर्शन किया। वन विभाग के अफसरों को खुले शब्दों में चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर तेंदुए का आतंक समाप्त नहीं किया तो थल-मुनस्यारी-बागेश्वर मार्ग पर बेमियादी जाम लगा दिया जाएगा। लोगों में इस बात को लेकर भारी गुस्सा है कि वन विभाग ने अब तक तेंदुए का आतंक समाप्त करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। अब तेंदुआ घर के अंदर घुसने लगा है। वह लगातार खूंखार होता जा रहा है। रोज किसी न किसी गांव से तेंदुए के हमले की सूचना आ रही है।
लेजम की प्रधान नीमा देवी और गोल के प्रधान हयात सिंह के नेतृत्व में एकत्र लोगों ने कहा कि तेंदुआ रोज पालतू जानवरों को भी शिकार बना रहा है। दिसंबर 2012 से सक्रिय तेंदुआ 13 लोगों को मौत के घाट उतार चुका है और कम से कम 30 लोगों को हमला कर घायल कर चुका है। वन विभाग के अधिकारी आतंक समाप्त करने की दिशा में कदम नहीं उठा रहे हैं। शिकारियों की तैनाती सिर्फ लोगों का गुस्सा शांत करने के लिए की जा रही है। यदि शिकारी तैनात हो रहे हैं तो उनसे रिजल्ट भी पूछा जाना चाहिए। लोगों ने कहा कि अब राजमार्ग पर चक्काजाम के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। प्रदर्शन में अशोक चंद, मदन रावत, हरीश कार्की, सूर्या चंद, दिनेश चंद, बहादुर सिंह कार्की, करन सामंत, रमेश चंद, जमन नाथ, कैलाश चंद आदि थे।