पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री हरीश रावत के 16 और 17 अक्तूबर को मुनस्यारी और धारचूला दौरे को देखते हुए प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। रविवार को हुई बैठक में तय किया गया कि दो स्थानों पर सीएम का दौरा होने के कारण बाहरी जिलों से भी फोर्स मंगाई जाएगी। मुनस्यारी में मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर जीआईसी मैदान में उतरेगा। धारचूला में सेना के हेलीपैड में हेलीकाप्टर उतारा जाएगा।
अपर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा गया कि मुख्यमंत्री विभागीय योजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसलिए सभी अधिकारियों को पूरी तैयारी के साथ आना होगा। मुख्यमंत्री पूर्व में की गई घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा भी कर सकते हैं। ऐसे में हर विभाग को जानकारी अपडेट रखनी होगी। मुख्यमंत्री के दौरे के समय मंडल स्तर के अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। जिला स्तर के अधिकारियों को अपने अपने विभाग की पूरी सूचनाएं देनी होंगी। लोनिवि के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वह हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक की सड़कों को तत्काल ठीक कर लें। मुख्य चिकित्साधिकारी से एंबुलेंस और डाक्टरों की व्यवस्था करने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक रोशन लाल शर्मा ने बताया कि मुनस्यारी और धारचूला में कार्यक्रम होने के कारण बाहरी जिलों से फोर्स मंगाई जाएगी। मुख्यमंत्री दोनों स्थानों पर जनता दरबार भी लगाएंगे और मुख्य रूप से सीमा सड़क संगठन और केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के अफसरों से क्षेत्र में हो रहे सड़क निर्माण की जानकारी लेंगे। मुख्यमंत्री 16 अक्तूबर को मुनस्यारी पहुंचेंगे। रात्रि विश्राम मुनस्यारी में होगा। 17 अक्तूबर को धारचूला जाएंगे। बैठक में उपजिलाधिकारी अनुराग आर्य, जय भारत सिंह, सीडीओ नरेश कुमार आदि अधिकारी मौजूद थे।