पिथौरागढ़। सांसद अजय टम्टा ने कहा कि वह राज्य स्थापना दिवस से पहले 8 नवंबर को अपने आदर्श सांसद गांव का चयन करेंगे।
शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में सांसद टम्टा ने कहा कि आदर्श सांसद गांव योजना के लिए भारत सरकार से मिली गाइडलाइन चारों जिलों के जिलाधिकारियों को पूर्व में ही दे दी गई है। गाइडलाइन के मानकों को पूरी करने वाले गांवों की सूची जिलाधिकारियों ने उन्हें सौंप दी है। शनिवार को अल्मोड़ा में लाटरी से एक गांव का चयन किया जाएगा। तीन गांवों पर साल 2015 में काम शुरू किया जाएगा। केंद्रीय मंत्रीमंडल में रविवार को होने वाले विस्तार में उत्तराखंड को प्रतिनिधित्व मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी सांसद प्रधानमंत्री मोदी के सबका साथ, सबका विकास की थीम पर काम कर रहे हैं। दायित्व मिले न मिले सभी पहले की तरह एकजुट होकर काम करते रहेंगे। सांसद ने कहा कि राज्यसभा के टिकट लेने के लिए कांग्रेसी नेताओं में जिस तरह घमासान मची है, उससे जाहिर है कांग्रेस अंदर खाने कई खेमों में बंटी हुई है। स्पीकर कुंजवाल संवैधानिक पद की गरिमा को धूमिल करने का काम कर रहे हैं। प्रदेश सरकार की अदूरदर्शी नजरिए के कारण 108 जैसी जीवनदायिनी सेवा बंद होने की कगार पर पहुंच गई है। वार्ता में राजेंद्र रावत, गिरीश जोशी, गोपू महर, इंद्र लुंठी आदि थे।