ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। 50 लीटर की केन में डीजल भराने के दौरान पैट्रोल पंप के मीटर द्वारा 54 लीटर दिखाने तथा इसी हिसाब से रुपये वसूलने का आरोप एक युवक ने लगाया है। युवक ने इस मामले में कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। शनिवार को राजेश कुमार पुत्र स्व. टेक चंद निवासी मंन. 466 बनखंडी ऋषिकेश ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात आठ बजे वह देहरादून रोड स्थित राजकुमार शरद कुमार के पेट्रोल पंप पर केन लेकर डीजल भरवाने को पहुंचे।
यहां के स्टाफ ने कैन में 45 लीटर डीजल भरा। जबकि उनके मीटर ने डीजल की मात्रा 54 लीटर दिखाई। साथ ही उनसे 54 लीटर के हिसाब से रुपये भी ले लिए। जब उन्होंने इस बात को पेट्रोल पंप के मालिक के समक्ष रखा तो उन्होंने भी उनके साथ गाली गलौच तथा बदतमीजी की। उन्होंने इस मामले में कोतवाली पुलिस से पेट्रोल पंप की जांच तथा चीता पुलिस द्वारा थाने में जमा कैन की दोबारा माप व पेट्रोल पंप को सीज किए जाने की मांग की।
हमने जिला पूर्ति अधिकारी को इस मामले से अवगत करा दिया है। हम इसमें अपनी रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। जल्द ही इसे पूर्ति अधिकारी के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
- रितेश शाह, कोतवाल, ऋषिकेश कोतवाली।