ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। शुगर मिल डोईवाला में कम गन्ना आपूर्ति होने से चीनी मिल प्रबंधन ने शनिवार को पेराई सत्र समाप्त करने का पहला नोटिस चस्पा कर दिया है। 24 अप्रैल को पेराई सत्र समाप्त करने की संभावित तिथि रखी गई है। किसानों से जल्द गन्ना आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है। दूसरी ओर शुगर मिल डोईवाला के गन्ना क्रय केंद्रों से लगातार आपूर्ति कम होती जा रही है। शनिवार तक कुल 57 गन्ना क्रय केंद्रों में 41 क्रय केंद्रों से गन्ना आपूर्ति बंद चुकी है। शुगर मिल के मुख्य गेट समेत 16 गन्ना क्रय केंद्रों से आपूर्ति हो रही है।
गौरतलब है कि डोईवाला शुगर मिल ने वर्तमान पेराई सत्र के लिए 32 लाख क्विंटल गन्ना पेराई का लक्ष्य रखा था, जिसमें से शनिवार तक 26 लाख 34 हजार गन्ना क्विंटल की आपूर्ति ही हो सकी थी। डोईवाला शुगर मिल की क्षमता प्रतिदिन 25 हजार क्विंटल गन्ना आपूर्ति की है, जबकि फैक्ट्री को बामुश्किल 20 हजार क्विंटल गन्ना आपूर्ति हो रही है। शुगर मिल के अधिशासी निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि पेराई सत्र समाप्त करने के लिए 24 अप्रैल का पहला नोटिस चस्पा किया गया है। किसानों से जल्द गन्ना आपूर्ति कराने के लिए अनुरोध किया गया है।