ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। तेज हवा और बारिश के कारण क्षेत्र के किसानों की कई बीघा गेहूं की फसल जमीन पर गिर गई है, जिससे गेहूं का उत्पादन गिरने की आशंका हो गई है। आंधी से कोतवाली की दीवार गिरने के अलावा कई पेड़ और बिजली के पोल धराशायी हो गए। सोमवार की दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली। करीब साढ़े बारह बजे क्षेत्र में आसमान में काले बादल घिर आए। दिन में अंधेरा छाने लगा और तेज हवा के साथ बारिश होने लगी। हवा इतनी तेज गति से चली जिससे कई पेड़ और पोल सड़क पर गिर जाने से कुछ देर तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बारिश से सड़कों पर पानी भर गया है। सबसे अधिक नुकसान गेहूं उत्पादक किसानों को उठाना पड़ा है।
और पढ़ें
मारखम ग्रांट, माजरी ग्रांट, दूधली, सिमलास ग्रांट, कुड़कावाला आदि कई इलाकों में गेहूं की फसल गिरी है। दूधली के किसान दरपान बोहरा ने बताया कि खड़ी फसल गिरने से दाना बड़ा नही हो सकेगा, जिससे उत्पादन गिरने की संभावना है। धर्मूचक के किसान सुरेंद्र सिंह खालसा ने कहा कि फसल गिरने से कीट लग जाता है, जिससे नुकसान होता है। क्षेत्र में बड़े पैमाने पर गेहूं की फसल गिरने से किसानों के माथे पर बल पड़ गए हैं। वहीं, घंटे भर से अधिक समय तक रही बारिश से तापमान में गिरावट आ गई है। गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली है और मौसम सुहावना हो गया है।