माली की मौत पर हंगामा करते लोग
- फोटो : amarujala
एक स्कूल में माली के पद पर तैनात कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई । घटना की जानकारी पाकर मृतक के परिजन और परिचित स्कूल में पहुंचे। उन्होंने घटना के लिए स्कूल प्रबंधन को दोषी बताते हैं जमकर हंगामा काटा। मामले की जानकारी पाकर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह नेगी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बमुश्किल लोगों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
रुड़की-मंगलौर मार्ग पर स्थित चिल्ड्रेंस सीनियर एकेडमी में माली का काम कर रहे मांगराम उर्फ माना निवासी मोहनपुरा प्रतिदिन की तरह से स्कूल में अपना काम कर रहे थे। वहां से गुजर रहे एक नंगे विद्युत तार छू गया। जिससे करंट लगने से मांगेराम की मौके पर ही मौत हो गई। यह देखकर स्कूल में हड़कंप मच गया। आनन फानन में विद्युत सप्लाई बंद कराई गई। साथ ही परिजनों को मामले की जानकारी दी। मृतक की पत्नी, बच्चे और परिजन अन्य परिचितों के साथ स्कूल पहुंचे। लोगों ने करंट लगने से हुई मौत के लिए स्कूल प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराते हुए स्कूल में जमकर हंगामा काटा। साथ ही मुआवजे की भी मांग की। हंगामे की जानकारी पाकर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह नेगी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने उत्तेजित लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया।
खुले ज्वाइंट देखकर भड़के भड़के
रुड़की। माली की करंट लगने से हुई मौत की सूचना पाकर स्कूल में अभिभावकों की भीड़ भी पहुंच गई। अभिभावकों ने स्कूल में कई स्थानों पर मीडिया कर्मियों को बिजली के तारों के खुले ज्वाइंट दिखाए। अभिभावकों का कहना था कि स्कूल प्रबंधन बिजली के तारों को लेकर पूरी तरह से लापरवाही बरत रहा है। माली की मौत भी लापरवाही का ही नतीजा है। बच्चों को भी इससे करंट लग सकता है। इसको लेकर अभिभावकों ने काफी हंगामा किया और सभी खुले तारों को सही कराए जाने की मांग की।
करंट लगने से दो नील गायों की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
झबरेड़ा। करंट लगने से दो नील गायों की मौत हो गई है। जिससे किसानों में भारी रोष है। किसानों का कहना है कि विद्युत लाइन खेतों में गिरी पड़ी है। लेकिन ऊर्जा निगम उसे सही करने को तैयार नहीं है। इसी वजह से दो नील गायों की जान गई है। किसान भी विद्युत तारों की चपेट में आकर मौत का शिकार हो सकते हैं।
बेहड़ेकी सैदाबाद गांव निवासी बिल्वा पहलवान के खेत से होकर एक विद्युत लाइन गुजर रही है। दो दिन पहले चली तेज हवा की वजह से तार टूटकर खेत में गिर गए थे। यह तार खेतों पर पड़े हैं। बृहपतिवार को इन तारों से टच होकर दो नील गायों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से किसानों में भारी रोष व्याप्त है।