कंडीसौड़ (टिहरी)। मंडलायुक्त सुवर्द्धन ने शनिवार को चंबा-धरासू राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण किया। कुनेर, कोटीगाड, ढिक्यारा और गोजमेर में सड़क की खस्ताहाल स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने बीआरओ के अधिकारियों को सड़क के सुदृढ़ीकरण के लिए जल्द कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। इन स्थानों पर सड़क पर हो रहे भूस्खलन और चट्टान से गिर रहे मलबे से मार्ग संकरा हो गया है। मंडलायुक्त ने बीआरओ के अधिकारियों से कहा कि चार धाम यात्रा शुरू हो चुकी है, लेकिन सड़कों की स्थिति में सुधार नहीं हो पाया है। यात्रियों को अब परेशानी न हो इसलिए भूस्खलन वाले स्थानों पर डोजर की व्यवस्था होनी चाहिए। तहसीलदार जगत सिंह धनोला ने बताया कि मंडलायुक्त ने जल संस्थान को भी यात्रा मार्ग पर पेयजल की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।