नई टिहरी। 26 दिनों तक आंदोलनरत ठेकेदार एसोसिएशन की मुहिम आखिरकार रंग लाई। लोनिवि के प्रमुख सचिव एसएस संधु ने ठेेकेदारों की मांगों के निस्तारण के लिए लोनिवि के मुख्य अभियंता को आदेश जारी कर दिया है।
धरोहर राशि जो दो साल में रिलीज होती थी अब एक साल में ही रिलीज होगी। सेल टैक्स जमा करने के लिए तीन माह के स्थान पर एक साल करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। अनुबंध पांच प्रतिशत के बजाय अब दो प्रतिशत पर ही होगा। इस मामले को लेकर ठेकेदारों का प्रतिनिधिमंडल विधायक दिनेश धनै के नेतृत्व में लोनिवि के प्रमुख सचिव से मिला था। इस पर प्रमुख सचिव ने मांगों के निस्तारण के लिए लोनिवि के मुख्य अभियंता को आदेश दिए थे। ठेके दारों ने विधायक धनै का आभार जताया। संगठन के जिलाध्यक्ष दिनेश चंद्र रमोला, दिवाकर प्रसाद भट्ट, राय सिंह रावत, दर्मियान सिंह कलूड़ा, शूरवीर सिंह रावत, ध्यान सिंह रावत ने बताया कि मुख्य अभियंता ने आदेश नेट पर भी डाउनलोड कर दिया है। आदेश जारी होने के बाद ठेकेदारों ने आंदोलन स्थगित कर दिया है।