नैनबाग (टिहरी)। लोनिवि आपदा से खस्ताहाल पड़ी आंतरिक सड़कों पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है, जिससे जगह-जगह लगे मलबे के ढेर दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। जोखिमभरा सफर कर रहे लोगाें ने सड़काें से मलबा हटाने की मांग की है।
जौनपुर ब्लाक में पिछले वर्ष आई दैवी आपदा से ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाले मोटर मार्ग भी खस्ताहाल हो गए थे, लेकिन सालभर बाद भी सड़कों से मलबा नहीं हटाया गया है। जिससे लोगों को जोखिमभरा सफर करना पड़ रहा है। भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष सुनील थपलियाल, अजवीर पंवार, धनवीर बिष्ट, टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष चरण सिंह पंवार, आशुतोष कोठारी, शिवदास, वीरेंद्र, रमेश और जय सिंह ने बताया कि प्रखंड में दुर्गापुल-मंगलोड़ी मोटर मार्ग, दुर्गापुल- सीर्स, दुगड्डा-उडारसू, थत्यूड़-बंगसील, थत्यूड़-अस्पताल आदि सहित कई सड़कों पर जगह-जगह भारी मलबा पड़ा हुआ है। लोनिवि से कई बार मिट्टी हटाने और गड्ढे भरने की मांग करते रहे हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जार हा है। जिससे लोगों को जोखिमभरा सफर करना पड़ रहा है। उन्होंने लोनिवि को भेजे ज्ञापन में कहा कि सड़कों से मलबा नहीं हटाया गया, तो क्षेत्र की जनता को विभाग के खिलाफ आंदोलन करना पड़ेगा।