चंबा (टिहरी) नगर क्षेत्र में टैंकरों से पानी बंटवारे के नाम पर भी खेल हो रहा है। रसूखदारों के यहां मनमर्जी का पानी बांटा जा रहा है, जबकि कुछ क्षेत्रों में लोगों के घंटों इंतजार के बाद भी पानी नसीब नहीं हो रहा है।
15 अगस्त को अतिवृष्टि से नागणी में हेंवल नदी से जल संस्थान की पेयजल लाइन तबाह हो गई थी। चंबा आसपास के क्षेत्रों में टैंकरों से पानी बांटा जा रहा है। जल संस्थान का टैंकर पहले रसूखदारों के यहां पानी बांट रहा है, उसके बाद आम लोगों को मिल रहा है। जिससे लोगों में रोष है। नगरवासी ममता देवी, पूजा देवी, दर्शन लाल सकलानी, भोला दत्त, सोनू ठाकुर का कहना है कि पानी के वितरण में भेदभाव पूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है, जिससे दिक्कत हो रही है। वहीं जल संस्थान के ईई पीएस पंवार का कहना है कि चंबा, बादशाहीथौल, रानीचौरी सहित आसपास के क्षेत्रों में पांच टैंकरों से पानी बांटा जा रहा है। एक टैंकर प्रतिदिन 10 चक्कर लगा रहा है।