नई टिहरी। चंबा-नई टिहरी मोटर मार्ग पर इंडिगो कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक महिला की मौत हो गई। परिवार के पांच अन्य सदस्य घायल हो गए, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को जिला चिकित्सालय बौराड़ी में भर्ती किया गया है। घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
किसनपुर रुड़की निवासी सुभाष सोमवार सुबह परिवार के साथ रुड़की से नई टिहरी बौराड़ी आ रहे थे। सुरसिंहधार के पास सुबह 6.30 बजे उनकी इंडिगो कार दुर्घटनाग्रस्त होकर नीचे 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। सुभाष जाखणीधार ब्लॉक के हाईस्कूल गेंवली में शिक्षक हैं और दो माह पहले ही उनकी नियुक्ति हुई है। वह बौराड़ी में किराए के कमरे में रहते हैं। हादसे में सुभाष (45) पुत्र सीताराम, नीरज (38) पुत्र सीताराम, रेखा (32) पत्नी सुभाष, विमला (62) पत्नी सीताराम, सत्यम (5), मयंक (3) पुत्र सुभाष सभी निवासी ग्राम किसनपुर रुड़की निवासी घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना पर 108 एंबुलेंस और कोतवाली निरीक्षक एश्वर्यपाल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से निकालकर जिला अस्पताल बौराड़ी पहुंचाया गया, जहां अपराह्न एक बजे विमला ने दम तोड़ दिया।