सरगुजा जिला में नायब तहसीलदार मारपीट मामले में दर्ज एफआईआर के बाद अपनी गिरफ्तारी देने अंबिकापुर जा रहे सीतापुर से भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो शुक्रवार शाम बीच रास्ते से ही वापस लौट गए। विधायक के समर्थकों और कार्यकर्ताओं के भारी विरोध के चलते पूरा घटनाक्रम अचानक बदल गया। समर्थकों ने न केवल विधायक का काफिला रोका, बल्कि कई कार्यकर्ता सड़क पर लेट गए और उन्हें गिरफ्तारी देने जाने से रोकने लगे। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर लंबा जाम लग गया और माहौल काफी देर तक तनावपूर्ण बना रहा।
जानकारी के अनुसार विधायक रामकुमार टोप्पो शुक्रवार शाम समर्थकों के साथ सरगुजा रेंज आईजी कार्यालय, अंबिकापुर के लिए रवाना हुए थे। विधायक के काफिले के साथ सैकड़ों समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद थे। रास्ते में कई स्थानों पर समर्थकों ने काफिला रोककर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। विधायक के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर समर्थकों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
बताया जा रहा है कि मंगारी क्षेत्र के पास समर्थकों ने विधायक को आगे बढ़ने से रोक दिया। कई कार्यकर्ता बीच सड़क पर लेट गए और नारेबाजी करते हुए गिरफ्तारी देने का विरोध करने लगे। समर्थकों का कहना था कि विधायक के खिलाफ राजनीतिक दबाव में कार्रवाई की जा रही है और वे किसी भी कीमत पर उन्हें गिरफ्तारी देने नहीं जाने देंगे।
इधर काराबेल के पास पुलिस ने वाहनों के लंबे काफिले को रोक दिया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क के दोनों ओर भारी जाम की स्थिति निर्मित हो गई और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया तथा यातायात व्यवस्था बहाल करने के प्रयास किए गए।
पुलिस द्वारा काफिला रोके जाने के बाद विधायक रामकुमार टोप्पो कुछ दूरी तक पैदल आगे बढ़े। उनके साथ सैकड़ों समर्थक भी पैदल चलते हुए नारेबाजी करते नजर आए। हालांकि विधायक लगातार समर्थकों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था प्रभावित नहीं करने की अपील करते रहे।
इस दौरान समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भावनात्मक अपील के चलते विधायक अंततः वापस सीतापुर लौट गए। बताया जा रहा है कि समर्थकों ने विधायक का हाथ पकड़कर उन्हें लौटने के लिए मनाया। विधायक करीब 15 किलोमीटर दूर तक पहुंच चुके थे, लेकिन समर्थकों के भारी विरोध और बढ़ते तनाव को देखते हुए उन्होंने वापस लौटने का निर्णय लिया।
गौरतलब है कि राजापुर उप तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ कथित मारपीट मामले में विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले को लेकर प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार आंदोलनरत हैं तथा विधायक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वहीं विधायक समर्थक इस कार्रवाई को राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बता रहे हैं। पूरे घटनाक्रम के बाद सरगुजा की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में माहौल गरमा गया है। पुलिस और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।