Bihar: बिहार को मिली सौगात; पटना, दरभंगा और गया एयरपोर्ट के रनवे होंगे लंबे, दरभंगा बनेगा इंटरनेशनल एयरपोर्ट
Bihar: नई दिल्ली में जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक में पटना, दरभंगा और गया एयरपोर्ट के रनवे विस्तार, दरभंगा को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने, पूर्णिया एयरपोर्ट के नए टर्मिनल निर्माण और राजगीर समेत कई शहरों को हवाई नेटवर्क से जोड़ने पर चर्चा हुई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
परिवहन, पर्यटन एवं संस्कृति संबंधी स्थायी संसदीय समिति के अध्यक्ष सह जदयू सांसद संजय कुमार झा ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू के साथ बिहार के विभिन्न एयरपोर्ट से जुड़े मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में पटना, दरभंगा और गया एयरपोर्ट के रनवे विस्तार, दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने, पूर्णिया एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन के लिए जल्द टेंडर जारी करने और बिहार के कई अन्य एयरपोर्ट परियोजनाओं को लेकर अहम सहमति बनी। बैठक में नागर विमानन मंत्रालय के सचिव, संयुक्त सचिव और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
पटना एयरपोर्ट के रनवे विस्तार पर बनी सहमति
बैठक में पटना एयरपोर्ट को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए इसके रनवे को करीब 300 मीटर तक विस्तारित करने और सिंपल एप्रोच लाइट लगाने पर सहमति बनी। इसके लिए बिहार सरकार से लगभग 49 एकड़ अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।
दरभंगा एयरपोर्ट बनेगा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट
बैठक में दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने पर भी सहमति बनी। इसके तहत एयरपोर्ट के रनवे को 12,000 फीट (3,658 मीटर) तक विस्तारित किया जाएगा और आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा 90 एकड़ भूमि के भू-अर्जन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। यह भूमि अगले दो सप्ताह में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को सौंप दी जाएगी। साथ ही, रक्षा मंत्रालय के साथ इस परियोजना को लेकर अलग बैठक करने पर भी सहमति बनी।
पूर्णिया एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का जल्द जारी होगा टेंडर
संजय कुमार झा ने बताया कि पूर्णिया एयरपोर्ट उड़ान योजना के तहत तेजी से विकसित हो रहा एयरपोर्ट है। यहां नए स्थायी टर्मिनल भवन के निर्माण के लिए जल्द टेंडर जारी करने का निर्णय लिया गया है।
गया एयरपोर्ट के रनवे विस्तार की तैयारी
बैठक में गया एयरपोर्ट के रनवे विस्तार पर भी सहमति बनी। इसके लिए बिहार सरकार से अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
राजगीर और सुल्तानगंज भी जुड़ेंगे एविएशन मैप से
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ने बताया कि संशोधित उड़ान योजना के तहत राजगीर, बौद्ध सर्किट और नए हेलीपोर्ट्स को विमानन सेवाओं के नेटवर्क से जोड़ने की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा। वहीं, सुल्तानगंज (भागलपुर) में नए एयरपोर्ट के निर्माण को लेकर कराई गई प्रारंभिक व्यवहार्यता अध्ययन रिपोर्ट सकारात्मक पाई गई है। रिपोर्ट में वहां एयरपोर्ट विकास की संभावना जताई गई है।
चार अन्य शहरों में छोटे विमानों के संचालन की तैयारी
बैठक में बिहार के बीरपुर (सुपौल), वाल्मीकिनगर, सहरसा और मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट से छोटे विमानों के संचालन के लिए निविदा प्रक्रिया जून 2026 तक शुरू करने पर भी सहमति बनी।
ये भी पढ़ें: धूप में इंतजार करती रहीं मंत्री, नहीं खुला स्विमिंग पूल भवन का ताला, निरीक्षण के दौरान भड़कीं मंत्री
हवाई संपर्क बढ़ने से पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
संजय कुमार झा ने कहा कि केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार बिहार को सुगम हवाई संपर्क वाला अग्रणी राज्य बनाने के लिए मिलकर काम कर रही है। राज्य में हवाई संपर्क बढ़ने से आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।