'मुंह नहीं खोलोगे तो नाक दबाएंगे…’; रणवीर से नाराज FWICE अध्यक्ष बीएन तिवारी, बोले- खुद को 'धुरंधर' समझने लगे
FWICE Chief Exclusive Interview: अभिनेता रणवीर सिंह फिल्म 'डॉन 3' से किनारा कर लेने को लेकर सुर्खियों में हैं। इसे लेकर फरहान अख्तर के साथ उनकी अनबन रही। कोई हल न निकल पाने के बाद FWICE ने रणवीर के खिलाफ नॉन-कॉपरेशन नोटिस जारी कर दिया। अब इस बारे मे फेडरेशन के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने प्रतिक्रिया दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
FWICE (फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज) ने कल (25 मई) को रणवीर सिंह के खिलाफ नॉन-कॉपरेशन नोटिस जारी कर दिया। यह कार्रवाई फरहान अख्तर की शिकायत के बाद हुई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि रणवीर ने शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले फिल्म ‘डॉन 3’ से खुद को अलग कर लिया। इस वजह से मेकर्स को भारी नुकसान उठाना पड़ा। अब इस पूरे विवाद पर FWICE अध्यक्ष बी.एन तिवारी ने अमर उजाला डिजिटल से बातचीत में रणवीर सिंह पर खुलकर हमला बोला है।
'45 करोड़ लगवाकर अब बोल रहे फिल्म नहीं करनी’
बीएन तिवारी ने दावा किया कि फिल्म पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा चुके हैं और लंबे समय से इसकी तैयारियां चल रही थीं। उन्होंने कहा, ‘इशू इनका सिर्फ इतना नहीं है कि शूटिंग नहीं कर रहे हैं। मामला ये है कि पहले पूरा काम शुरू कराया गया, प्रोडक्शन आगे बढ़ाया गया और उसके बाद करोड़ों रुपये खर्च करवा दिए गए। करीब 45 करोड़ रुपये इस प्रोजेक्ट पर लग चुके हैं। अब अचानक बोलते हैं कि हमें फिल्म नहीं करनी है। अब उनको ‘धुरंधर’ जैसी फिल्म चाहिए। भाई, हर बार वैसी फिल्म कहां से आएगी? इतना बड़ा प्रोजेक्ट 2023 से चल रहा है। बीएन तिवारी का दावा है कि...
- रणवीर के हिसाब से स्क्रिप्ट में बदलाव किए गए।
- 23-24 लोकेशन बुक की गईं, मेंबर्स के टिकट खरीदे गए।
- प्रोजेक्ट की सारी तैयारियां पूरी की गईं।
- इतने बड़े प्रोजेक्ट में 45 करोड़ कोई छोटा पैसा नहीं होता।
- तीन साल का समय लग गया इस पूरी प्रक्रिया में।
‘साइलेंट कैसे चलेगा भाई?’
तिवारी ने कहा कि प्रोडक्शन हाउस लगातार बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन रणवीर या उनकी टीम की तरफ से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं मिल रही। अभिनेता की चुप्पी पर नाराजगी जाहिर करते हुए तिवारी ने कहा, ‘अगर 45 करोड़ नहीं भी लगे होंगे तो 40 करोड़ तो जरूर लगे होंगे। उनका ऑडिट हुआ होगा, रिपोर्ट होगी और वो दिखाने के लिए भी तैयार हैं। वो बैठकर बात करने को तैयार हैं। हमारी सिर्फ इतनी मांग है कि रणवीर सामने बैठें और बात करके मामला खत्म करें। लेकिन उनका रवैया ऐसा है कि वो कुछ कहना ही नहीं चाहते। बात नहीं करना चाहते। लगातार अवॉइड कर रहे हैं। अब साइलेंट रहकर चीजें नहीं चलतीं। साइलेंट कैसे चलेगा भाई? इंडस्ट्री में हर किसी की जिम्मेदारी होती है। इतने बड़े प्रोजेक्ट में आप अचानक पीछे हट जाएंगे और कोई जवाब भी नहीं देंगे तो सवाल तो उठेंगे ही।’
‘मुंह नहीं खोलोगे तो नाक दबाएंगे’
FWICE अध्यक्ष ने बेहद सख्त लहजे में कहा कि इंडस्ट्री में जवाबदेही जरूरी है और चुप रहकर विवाद खत्म नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, ‘देखिए, मुंह नहीं खोलोगे तो नाक दबाएंगे, मुंह खुल जाएगा। हमने सीधे अप्रोच किया। प्रोड्यूसर बॉडी ने भी कॉन्टैक्ट किया। हमारे कहने पर रितेश सिदवानी और उनकी टीम ने तीन-तीन लेटर भेजे। बार-बार कहा गया कि बैठकर बात कर लीजिए, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। आखिर में बोलते हैं कि ‘हां ठीक है, मीटिंग करेंगे’, मगर मीटिंग में आते ही नहीं। इंडस्ट्री पूरी हमारे दायरे में आती है, फिर कैसे नहीं आ सकते? बातचीत से हर चीज का हल निकल सकता है।’
‘धुरंधर चली तो खुद को धुरंधर समझने लगे’
तिवारी ने रणवीर सिंह के स्टारडम और बदले रवैये पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जब रणवीर का करियर मुश्किल दौर से गुजर रहा था और उनकी फिल्में लगातार उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर रही थीं, तब फरहान ने उन पर भरोसा जताते हुए 2023 में फिल्म के लिए साइन किया था।
तिवारी ने कहा, ‘रणवीर का ट्रैक रिकॉर्ड अच्छा रहा है, इसलिए इंडस्ट्री ने हमेशा सपोर्ट किया। मगर इस तरह काम करेगा तो नहीं चलेगा। आपकी फिल्म ‘धुरंधर’ चली है तो इसका मतलब ये नहीं कि आप खुद धुरंधर हो गए। इंडस्ट्री रिश्तों और भरोसे पर चलती है। अभी अगर आप बिना कुछ बताए विड्रॉ कर रहे हैं तो कैसे होगा? जब रणवीर की फिल्में नहीं चल रही थीं, उस वक्त इस आदमी ने आपको साइन किया। 2023 में आप पर भरोसा किया गया। अब आपका पार्ट वन, पार्ट टू हिट हो गया तो आपके पास कहानियां आना शुरू हो गईं। लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि पुराने कमिटमेंट भूल जाएं।’
‘एक्सेल बहुत जेंटलमैन कंपनी है’
हालांकि, पूरे विवाद के बीच तिवारी ने एक्सेल एंटरटेनमेंट की तारीफ भी की। उन्होंने कहा, ‘एक्सेल बहुत जेंटलमैन कंपनी है। बहुत रिस्पेक्टेड कंपनी है। आज तक उनके खिलाफ कोई बड़ा डिस्प्यूट हमारे पास नहीं आया। इसलिए जब उन्होंने शिकायत की तो हमें मामला गंभीरता से देखना पड़ा। हमारी तरफ से अभी किसी तरह की कोई डिमांड नहीं रखी गई है। हम सिर्फ चाहते हैं कि सामने बैठकर बात हो। अगर फिल्म नहीं करनी है तो साफ-साफ बता दें।’
रणवीर सिंह पर बैन लगा?
सोशल मीडिया पर चल रही ‘बैन’ की खबरों पर भी FWICE अध्यक्ष ने सफाई दी। उन्होंने कहा, ‘हमने बैन नहीं किया है। नॉन-कोऑपरेशन दिया है। हमारे लोग उनके साथ काम नहीं करेंगे, मगर इसे बैन कहना गलत होगा।’