झरने, पहाड़ और सुकून: सरथल में बढ़ी पर्यटकों की भीड़, सरकार से बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की मांग
सरथल पर्यटन स्थल में इन दिनों पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जहां प्राकृतिक सौंदर्य, ठंडी वादियां और शांत वातावरण लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उपमंडल के खूबसूरत पर्यटन स्थल सरथल में इन दिनों पर्यटकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। प्राकृतिक सौंदर्य, ठंडी वादियां और शांत वातावरण के चलते सरथल अब पर्यटकों की पसंदीदा जगह बनता जा रहा है। आसपास के क्षेत्रों सहित बाहरी राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंच रहे हैं।
आए पर्यटक अरुण ने सरकार और पर्यटन विभाग से इस ओर विशेष ध्यान देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरथल में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। यहां अभी भी मूलभूत सुविधाओं और बेहतर रणनीति की जरूरत है। वहीं नवाज अहमद ने कहा कि सरथल का प्राकृतिक सौंदर्य लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएं ताकि आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पर्यटक राजकुमार ने सरथल की खूबसूरती की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि यह जगह बेहद खूबसूरत है। यहां की ठंडी हवाएं, झरने, ऊंचे पहाड़ और मनमोहक नजारे दिल को छू जाते हैं। उन्होंने कहा कि यहां आकर मन को सुकून मिलता है और यह स्थान प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही से क्षेत्र के व्यापार और रोजगार को भी बढ़ावा मिल रहा है। लोगों ने उम्मीद जताई कि सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जल्द ठोस कदम उठाएगी।
पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने सरकार से मांग की कि सरथल में बच्चों के लिए चिल्ड्रन पार्क बनाया जाए। साफ पेयजल की व्यवस्था की जाए और मुख्य सड़क से सरथल तक बेहतर सड़क का निर्माण कराया जाए। इसके अलावा मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट कनेक्टिविटी मजबूत करने, पर्यटकों के ठहरने के लिए अच्छी सुविधाएं विकसित करने तथा साफ-सफाई और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने की भी मांग उठाई गई।
गर्मी की छुट्टियों के चलते पटनीटॉप में बढ़ गई रौनक
मैदानी इलाकों में तपिश बढ़ गई हैै। इस बीच गर्मी की छुट्टियां शुरू होने से पर्यटन स्थल पटनीटाप और नत्थाटाप में सैलानियों की संख्या बढ़ने लगी है। इससे यहां रौनक लौट आई है। पहले हर दिन 1000 सैलानी पहुंचते थे। अब 3000 लोग घूमने आ रहे हैं।
मैदानी इलाकों से आ रहे सैलानी पटनीटाप की खूबसूरत वादियों का भरपूर आनंद ले रहे हैं। कुछ लोग पटनीटाप के घने जंगलों के बीच सुकून के पल बिता रहे हैं तो कुछ लोग नत्थाटाप के नज़ारों को अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं।
छुट्टियों से पर्यटन कारोबार में उछाल
पटनीटाप फोटोग्राफर यूनियन के प्रधान सुभाष चंद्र ने बताया कि बकरीद की तीन छुट्टियों के कारण पटनीटाॅप में सैलानियों की संख्या में इजाफा हुआ है। मंगलवार से ही पर्यटकों की आमद बढ़ने से कारोबार में थोड़ा उछाल आया है।
कारोबारियों की बढ़ी उम्मीदें
होटल सहायक एसके बड़ियाल ने भी सैलानियों की बढ़ती संख्या पर खुशी जताई है। कहा कि छुट्टियों से व्यवसायों को थोड़ी राहत मिली है। यदि सैलानियों की यही आमद अगले महीने तक जारी रहती है तो स्थानीय पर्यटन कारोबार में और तेजी आएगी।