लगती सभी को प्यारी है सरकारी नौकरी ,
हर नौकरी पे भारी है सरकारी नौकरी ।
नौकर भी अपने आप को मालिक समझ रहा ,
ऐसी ग़ज़ब खुमारी है सरकारी नौकरी ।
तनख्वाह तो मिलेगी भले काम हो न हो ,
इस तरह चमत्कारी है सरकारी नौकरी ।
नेता हैं एक ओर तो अफ़सर हैं एक ओर ,
दोनो तरफ़ कटारी है सरकारी नौकरी ।
दूल्हे का भाव छूने लगा आसमान को ,
लाती दहेज़ भारी है सरकारी नौकरी ।
इंसाफ़ फाइलों में दफ़्न होके रह गया ,
इंसाफ़ की सुपारी है सरकारी नौकरी ।
है एक जो अनार तो लाखों मरीज़ हैं ,
दुर्लभ दवा ये न्यारी है सरकारी नौकरी ।
अफ़सर से ले के प्यून तक सब दुह रहे इसे ,
ये गाय इक दुधारी है सरकारी नौकरी ।
चुटकी में जिसने सारा बजट लुप्त कर दिया ,
सिस्टम की इक मदारी है सरकारी नौकरी ।
ईमान का है साथ दिया जिसने यहां पर ,
उसके लिए कटारी है सरकारी नौकरी ।
शायर का मशवरा है जिसे भूलना नहीं ,
जनता की तरफ़दारी है सरकारी नौकरी ।
हमारे यूट्यूब चैनल को Subscribe करें।
कमेंट
कमेंट X