धार्मिक आयोजन को लेकर बवाल, कारें जलाई, इलाके में तनाव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के गोमतीनगर के विनीतखंड-3 में रविवार देर रात धार्मिक आयोजन को लेकर हुई तनातनी के बाद विनयखंड में अराजक तत्वों ने दो कारों को आग के हवाले कर दिया।
अराजक तत्वों ने विनयखंड-ई निवासी भाजपा पार्षद स्नेहलता सिंह की स्कॉर्पियो कार में भी आग लगाने की कोशिश की। भाजपा पार्षद के पति संजय सिंह राठौर ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
इलाकाई लोग आगजनी को धार्मिक आयोजन को लेकर चल रहे तनाव से जोड़कर देख रहे हैं। एसओ धीरेंद्र शुक्ला का कहना है कि जांच की जा रही है।
संजय सिंह राठौर ने बताया कि रविवार रात पार्षद पत्नी के साथ विनीतखंड में धार्मिक आयोजन को लेकर हुआ झगड़ा सुलझाने गए थे। करीब साढ़े ग्यारह बजे वह घर लौटे और स्कॉर्पियो कार बाहर ही खड़ी कर दी।
कुछ देर बाद ही कारें जलने का शोर सुनकर वह बाहर निकले तो पड़ोसी शैलेंद्र राय और दीपू जायसवाल की इंडिका कारों को धू-धूकर जलते पाया।
हत्या की पैरवी करने पर बनाया जा रहा निशाना
बकौल संजय, अराजक तत्वों ने उनकी स्कॉर्पियो कार में भी आग लगाने की कोशिश की थी। आगजनी की सूचना पाकर एएसपी उत्तरी विजय ढुल और सीओ गोमतीनगर सत्यसेन यादव सहित पुलिस फोर्स मौके पर आ गई।
आसपास के लोगों से संपर्क किया गया लेकिन, कारों में आग लगाने के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सका। उधर, संजय सिंह का कहना है कि बदमाश उनकी कार जलाने आए थे। उन्होंने बताया कि बीती 28 फरवरी को उनके भांजे श्रवण सिंह की हत्या हो गई थी। इस मामले में वह पैरवी कर रहे हैं। इसलिए आरोपियों ने उन्हें निशाना बनाया लेकिन सफल नहीं हो सके।
पुलिस का कहना है कि आगजनी की घटना के पीछे कोई अराजक तत्व है जो माहौल बिगाड़ने के लिए ऐसा कर रहा है। इसके पीछे धार्मिक आयोजन को लेकर गोमतीनगर में चल रहे तनाव को भी वजह माना जा रहा है।
एसओ ने कहा कि आग लगाने वालों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।