UP: पिता-पुत्र की मारपीट में बीच बचाव करती मां फिसलकर गिरी, मौत; नाराज मोहल्लेवालों ने बेटे को हैंडपंप से बांध
लखनऊ के सआदतगंज क्षेत्र में पिता-पुत्र के बीच हुए विवाद के दौरान बीच-बचाव कर रही मां की गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद मोहल्ले में आक्रोश फैल गया और लोगों ने बेटे को पकड़कर बांध दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर जांच शुरू की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सआदतगंज के कटरा विजन बेग स्थित जमाई टोला में बृहस्पतिवार देर रात पिता-पुत्र के बीच मारपीट में बीच-बचाव के दौरान मां मरजाना की फिसलकर गिरने से मौत हो गई। नाराज मोहल्ले वालों ने आरोपी बेटे सलमान को हैंडपंप से बांध दिया और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया और सलमान को पकड़कर थाने ले गई।
इंस्पेक्टर सआदतगंज संतोष कुमार आर्य के अनुसार, सलमान सिलाई और उसके पिता रईस जरदोजी का काम करते हैं। बृहस्पतिवार रात सलमान नशे की हालत में घर पहुंचा। रईस ने इसका विरोध किया, जिससे दोनों में विवाद और मारपीट शुरू हो गई। मरजाना (60) ने झगड़ा रोकने की कोशिश की।
इसी दौरान वह फिसलकर गिर गईं और बेहोश हो गईं। परिजन उन्हें ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार में दो बेटियां खुशनुमा व सुमैया और बेटा कादिर है, जो ई रिक्शा चलाता है। घटना के समय कादिर घर पर नहीं था। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है।
मोहल्ले वालों ने पिता-पुत्र से नाराज होकर किया हंगामा
मरजाना की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोग भड़क उठे। उन्होंने सलमान को हैंडपंप से बांध दिया। मोहल्ले वालों ने आरोप लगाया कि सलमान अक्सर नशे में मारपीट करता है। कुछ माह पहले उसने युवक की स्कूटी जलाई थी। उसने महिला फल विक्रेता का ठेला भी पलटा था।
मोहल्ले वाले सलमान के पिता रईस से भी नाराज थे। उनका आरोप था कि रईस बेटे को समझाने के बजाय उसका पक्ष लेते थे। स्थानीय लोगों ने सलमान और रईस के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने सलमान पर मां को धक्का देने का भी आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस सलमान को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई। इंस्पेक्टर संतोष कुमार आर्य ने बताया कि परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की सही वजह पता चलेगी।