रुड़की के एक होटल से छात्राओं के साथ पकड़े गए दो युवकों को छोड़ने लेकर सिविल लाइन कोतवाली में ही दो समुदाय के कार्यकर्ताओं में टकराव हो गया।
गाली-गलौच के साथ दोनों पक्षों में पथराव से भगदड़ मच गई। बाजार बंद होने के साथ पूरे शहर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पहले तो पुलिस मूकदर्शक बनी यह उपद्रव देखती रही। बाद में सड़क पर लाठियां फटकार को भीड़ को तितर-बितर करने की हिम्मत जुटा पाई। तनातनी के चलते देहात क्षेत्र के पुलिस बल को यहां बुला लिया गया है।
निजी इंजीनियरिंग कालेज थी छात्राएं
उत्तराखंड में रुड़की के सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार दोपहर हरिद्वार-मंगलौर रोड स्थित एक होटल से एक निजी इंजीनियरिंग कालेज की दो छात्राएं उसी कॉलेज के दो छात्रों के साथ पकड़ी गई। दोनों छात्र दूसरे समुदाय के थे। पुलिस उन्हें लेकर कोतवाली ले आई।
पुलिस ने छात्राओं को परिजनों की सपुदर्गी में दिया। जबकि दोनों छात्रों को पुलिस ने एक नेता के दबाव में बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया। छोड़े गए दोनों छात्र दूसरे समुदाय के थे।
इस बात की भनक मिलने पर हिंदू संगठन के लोग विरोध जताने के लिए कोतवाली पहुंच गए। इसी बीच दूसरे पक्ष के पैरवी करने आए कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से हिंदू नेताओं की बहस हो गई। आरोप है कि कांग्रेसी कार्यकर्ता ने हिंदू संगठन के कार्यकर्ता से हाथापाई कर दी।
लोगों को लिया हिरासत में
पुलिस ने कांग्रेसी कार्यकर्ता और उसके दो साथियों को हिरासत में ले लिया। हिंदू संगठन के कार्यकर्ता उन्हें सबक सिखाने के लिए थाना कार्यालय में घुस गए। सीओ सिटी ने बीच में आकर उन्हें बाहर निकाला। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के समर्थन में दूसरे साथी आ गए।
कोतवाली परिसर में करीब 20 मिनट तक दोनों पक्षों में नारेबाजी होती रही। गाली-गलौच के साथ एक दूसरे को देख लेने की धमकी दी जाती रही। पुलिस कार्रवाई करने के बजाए मूकदर्शक बनी खड़ी रही।
पथराव के बाद किया लाठीचार्ज
दोनों पक्षों में पथराव हो गया। पथराव होने से कोतवाली में भगदड़ मच गई। एक पक्ष कोतवाली से पथराव करता रहा जबकि दूसरे ने बाहर से पथराव किया। पत्थरबाजी से बाजार में भगदड़ मच गई और बाजार बंद होते चले गए। स्थिति बिगड़ी तो पुलिस ने लाठिया फटकारते हुए बवालियों को दौड़ा दिया।
पथराव होने के साथ ही शहर सिविल लाइंस बाजार में दुकाने बंद हो गई। पत्थरबाजी में दोनों पक्षों के कई कार्यकर्ता मामूली रुप से घायल हुए। देर रात हिंदू संगठन के कार्यकर्ता कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करते रहे। तनातनी के चलते आसपास के थानों की पुलिस को बुला लिया गया।