गुड़गांव। ठंड तो खत्म नहीं हुई लेकिन कई दिनों की लंबी छुट्टियों के बाद शहर के स्कूल आज से खुल जाएंगे। बच्चों को कड़ाके की ठंड से फिर दो चार होना पड़ेगा।
भयंकर ठंड के कारण जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद कर दिया गया था। तकरीबन 15 दिन की छुट्टी के बाद मंगलवार से एक बार फिर से स्कूल खुल जाएंगे। विद्यार्थियों के लिए परेशान होने वाली बात यह है कि सोमवार को मौसम ने पल्टी मार दी है। एक बार फिर ठंड बढ़ने से विद्यार्थियों को परेशान होना पड़ेगा।
अभिभावकों का कहना है कि अगर ठंड और बढ़ती है तो स्कूलों को छुट्टी भी बढ़ा देनी चाहिए। विद्यार्थियों का भी ऐसा ही मानना है। अभिभावक एकता मंच के सचिव दिलीप गुप्ता ने कहा कि कम से कम एक से पांचवीं कक्षा तक की स्कूलों को बंद कर देना चाहिए। अभिभावकों ने जिला प्रशासन से अपील की है कि अगर ठंड ज्यादा पड़े तो छुट्टी वह बढ़ा दें। वहीं कुछ अभिभावकों का कहना है कि ज्यादा छुट्टी होने से बच्चों की पढ़ाई का भी नुकसान होगा।