होडल। पुलिस ने एक व्यक्ति की शिकायत पर मारपीट करने के आरोप में आधा दर्जन से ज्यादा लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि मामले में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गांव मर्रोली निवासी विजय ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि गांव मितरोल निवासी शेरसिंह, हरदयाल, मुकेश, सुनील, दीपक, सुरेंद्र ने एक अन्य के साथ मिलकर उसका रास्ता रोक लिया। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आरोपी सभी हथियारों से लैस थे और बिना कोई कारण बताए उक्त आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट करने के बाद आरोपी उसे घायल अवस्था में छोड़कर वहां से फरार हो गए। शोर सुनकर आए आसपास के लोगों ने उसे उपचार के लिए पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने पीड़ित विजय के बयान पर मारपीट करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इन आरोपियों में से शेरसिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में लिप्त अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।