हथीन। नगर पालिका चुनाव के तीन महीने बाद आखिरकार मंगलवार को सर्व सम्मति से अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चयन हो गया। वार्ड नौ के पार्षद
राजबीर सिंह नगर पालिका के अध्यक्ष और वार्ड-12 के पार्षद सुभाष सिंघल को उपाध्यक्ष पद के लिए चुन लिया गया। अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. सुल्तान सिंह बतौर चुनाव अधिकारी मौजूद थे।
पालिका के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव की बैठक मंगलवार को नगर पालिका कार्यालय में हुई। निश्चित समय पर चुनाव अधिकारी अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. सुल्तान सिंह बैठक में पहुंचे। सबसे पहले एक पक्ष के पांच सदस्य सदन में पहुंचे। थोड़ी देर बाद मुख्य संसदीय सचिव चौधरी जलेब खां और आठ अन्य पार्षद चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लेने पहुंचे।
कार्रवाई के दौरान वार्ड-11 के पार्षद और पूर्व चेयरमैन योगेंद्र सिंह ने वार्ड नौ के पार्षद राजबीर के नाम का प्रस्ताव अध्यक्ष पद के लिए रखा। वार्ड-12 के पार्षद सुभाष सिंघल ने उनके नाम का अनुमोदन किया। सभी सदस्यों ने ध्वनिमत से राजबीर के नाम पर अध्यक्ष पद के लिए मुहर लगा दी। उपाध्यक्ष पद पद के लिए वार्ड-12 के पार्षद सुभाष सिंघल के नाम का प्रस्ताव वार्ड-दो के पार्षद मंगल सिंह ने किया। वार्ड 11 के पार्षद योगेंद्र सिंह ने सुभाष सिंघल के नाम का अनुमोदन किया। मौजूद सभी पार्षदों ने ध्वनिमत से सुभाष सिंघल के उपाध्यक्ष पद के लिए मुहर लगा दी। चुनाव अधिकारी डॉ. सुल्तान सिंह ने सभी पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। हालांकि पांच सदस्य पहले ही शपथ ले चुके थे। इस मौके पर पुलिस ने सुरक्षा का पुख्ता प्रबंध कर रखे थे। चुनाव प्रक्रिया के दौरान शहर के कई गणमान्य लोग भी मौजूद थे।
सभी को साथ लेकर करेंगे शहर का विकास : राजबीर
नगर पालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजबीर सिंह ने कहा कि शहर के रुके हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा। सभी पार्षदों को साथ लेकर शहर का विकास करेंगे। राजबीर ने उन्हें अध्यक्ष चुने जाने पर वहां उपस्थित शहरवासियाें का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर कांग्रेस कमेटी के सदस्य चौधरी इसराईल, पूर्व चेयरमैन मंगल सिंह, योगेंद्र सिंह, नरेंद्र शर्मा भी मौजूद थे।
विकास में राशि की कमी नहीं होगी बाधा: जलेब खां
वहीं मुख्य संसदीय सचिव चौधरी जलेब खां ने चुनाव के बाद पत्रकारों से कहा कि सर्वसम्मति से हुआ चुनाव इस बात का प्रतीक है कि यहां के पार्षद विकास के लिए कितने सजग हैं। नपा में विकास कार्य के लिए लगभग साढ़े तीन करोड़ की राशि आवंटित की गई है। वे और ज्यादा विकास राशि मुहैया कराने का प्रयास करेंगे। पूरे शहर में बगैर किसी भेद भाव के विकास कार्य होंगे। उन्होंने सर्वसम्मति से चुनाव कराए जाने पर सभी 13 पार्षदों का आभार व्यक्त किया।