होडल। पानी का बिल न जमा करने वाले और सीवर का कनेक्शन न लेने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विभाग सख्त रवैया अपना रहा है। विभाग के अधिकारी ने कहा है कि जो लोग बिना प्रक्रिया पूरी हुए कनेक्शन चला रहे हैं, उनके कनेक्शन बिना नोटिस के काट दिए जाएंगे।
पेयजल विभाग के एसडीओ पवन बंसल ने बताया कि शहर के जिन वार्डों में पानी की सीवर लाइन शुरू हो गई है, उन वार्डों के उपभोक्ता अपने कनेक्शनों की फाइल जमा कराकर अपने कनेक्शन शुरू करा लें। इसके अलावा जिन उपभोक्ताओं ने अपने कनेक्शन मेन लाइन से किए हुए हैं, वे उपभोक्ता तीन दिन के अंदर अपने कनेक्शनों को हटा कर डिस्ट्रीब्यूट लाइन से करा लें। अन्यथा उनके कनेक्शन बिना नोटिस दिए काट दिए जाएंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं पर पानी का बिल बकाया है, वे अपना बिल जल्द जमा करा दें नहीं तो उनके कनेक्शन काट दिए जाएंगे। इसके अलावा जिन उपभोक्ताओं को उनके कनेक्शन बिल नहीं मिले हैं, वह विभागीय कार्यालय से जानकारी लेकर बकाया राशि जमा करा दें।