चंबा। अंतराष्ट्रीय मिंजर मेले में प्रस्तुति देने पहुंचे किंग आफ नाटी नाम से मशहूर ठाकुर दास राठी ने कहा कि वे पहाड़ी फोक को बुलंदियों में देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वे पहाड़ी संगीत को ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रयासरत हैं। वे कहीं भी कार्यक्रम देने जाते हैं, तो पंजाबी गायकों की तरह बल्ले-बल्ले के बदले शबासे-शबासे जरूर गाते हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ और दिल्ली में भी इस पहाड़ी फोक को सुनाया और युवाओं ने इसे काफी पसंद किया। जल्द उनकी नई पहाड़ी एलबम तेरा मेरा प्यार बाजार में आएगी। इस एलबम के गाने रिकार्ड हो चुके हैं और इसकी वीडीओ रिकार्ड की जा रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें ओ श्रीदेवी कोथे चली तू और नीरू चली घुमदी गानों से काफी पहचान मिली। हिमाचल मेें एक दूसरे के गाने काफी चोरी किए जाते हैं। एक कलाकार की एलबम से धुन चुराकर एलबम तैयार की जाती है। इससे मेहनत करने वाले कलाकारों को काफी दुख पहुंचता है। उन्होंने कहा कि उनके कई गाने से अन्य कलाकारों ने बनाए हैं, जो ठीक नहीं हैं।
और पढ़ें