18 से शुरू होगा शरची मेला
गुशैणी (बंजार)। तीर्थन घाटी के शरची पंचायत के शरची गांव में देवी गाड़ादुर्गा का देवता मेला 18 अप्रैल को मनाया जाएगा। एक दिवसीय इस मेले का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ होगा। जंगल से लाए जाने वाले पेड़ को देव विधि के अनुसार माता के देवालय शरची में पूजा-अर्चना कर खड़ा किया जाएगा। देवता का यह मेला भव्य और शानदार हो इसके लिए मेला कमेटी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जानकारी के अनुसार देवता शेष नाग और जमदग्नि ऋषि मेले की शोभा बढ़ाएंगे। मेले में देव संस्कृति के साथ-साथ यहां की पुरातन संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। मेले में देव मिलन व नाटी मुख्य आकर्षक का केंद्र रहेगी। देवी के कारदार मुरारी लाल शर्मा, कुल पुरोहित नरेंद्र शर्मा ने कहा कि मेले का शुभारंभ परंपरा के तहत ध्वजारोहण के साथ होगा। देवी के हरियान 18 अप्रैल की सुबह को जंगल से एक पेड़ लाएंगे, जिसका देवी गाड़ादूर्गा जमाला नामक स्थान पर स्वयं स्वागत करेगी। बाद में इस पेड़ का रीति रिवाज के अनुसार देवालय के बाहर खड़ा किया जाएगा। मेले में देवी के दर्शन व आशीर्वाद लेने के लिए भारी संख्या में लोग भाग लेंगे।