मंडी। अखिल भारतीय ग्रामीण डाक कर्मचारी संघ द्वारा अपनी मांगों को लेकर शुरू की गई प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार को चौथे दिन में प्रवेश कर गई। ग्रामीण डाक कर्मचारियों की हड़ताल से ग्रामीण डाकघरों में चौथे दिन भी डाक सेवा कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा। इससे उपभोक्ताआें की समस्याएं चरम पर पहुंच गई हैं। शुक्रवार को प्रवर अधीक्षक डाकघर मंडी मंडल की ओर से हालांकि उपभोक्ताओं के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए, लेकिन उससे भी उपभोक्ताओं की समस्या कुछ खास कम नहीं हुई है। शुक्रवार को डाक कर्मचारियों की अनिश्चतकालीन हड़ताल पर प्रवर अधीक्षक डाकघर मंडी मंडल भवानी प्रसाद ने मीडिया को बयान दिया। प्रवर अधीक्षक ने कहा कि डाक विभाग में कार्यरत ग्रामीण डाक सेवक बिना किसी ठोस कारण के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। प्रवर अधीक्षक ने बताया कि यदि किसी उपभोक्ता का खाता शाखा डाकघर में स्थित है तो वह अपना लेन-देन उस शाखा से संबंधित उप डाकघर एवं मुख्य डाकघर में अपनी वैद्य पहचान बताकर कर सकता है। वहीं कोई भी व्यक्ति जिसकी डाक बाहर से प्राप्त होने वाली है, वह भी अपनी शाखा डाकघर से संबंधित उप डाकघर एवं मुख्य डाकघर से डाक ग्रहण कर सकता है। इधर, ग्रामीण डाक सेवक संघ के मंडलीय सचिव युद्ध कुमार शर्मा का कहना है कि ग्रामीण डाक कर्मियाें की मांगें पूरी तरह जायज हैं। जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, हड़ताल जारी रहेगी। शुक्रवार को भी मुख्य डाकघर मंडी से चौहटा बाजार, सेरी बाजार, इंदिरा मार्केट परिसर से होते हुए विशाल रैली निकाल कर डाक कर्मियों ने मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।