आत्महत्या मामले में फंसीं दो टीचर
सोलन। सेना में भर्ती होने के लिए घर से निकले 21 वर्षीय युवक की रहस्यमयी परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा लगाई है। पहले इस मामले में पुलिस 174 के तहत कार्रवाई अमल में ला रही थी। परिजनों के आरोपों के मुताबिक पुलिस ने एक निजी स्कूल की दो शिक्षिकाओं पर सदर थाना सोलन में मुकदमा कायम किया है।
मृतक युवक नीरज कुमार राणाघाट टेंटु डाकघर शरगांव तहसील राजगढ़ जिला सिरमौर का निवासी था। पुलिस के मुताबिक युवक पुलिस की भर्ती के लिए तीस अगस्त को घर से निकला। युवक बेहोशी की हालत में नौणी विवि के पास पाया गया। इसके मुंह में झाग निकल रही थी। उपचार के लिए युवक को सोलन अस्पताल लाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए उसे रेफर किया गया। आईजीएमसी में उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों को संदेह
पुलिस के मुताबिक परिजन शकुंतला देवी पत्नी राम दत्त को शक है कि दोनों अध्यापिकाओं ने किसी रंजिश में उसे आत्महत्या के लिए उकसाया है या फिर जहर दिया है। दोनों अध्यापिकाएं मृतक के सगे संबंधियों में बताई जा रही हैं। आरोपों पर पुलिस गहनता से छानबीन कर रही है।
फोन रिकार्ड भी मिले
फोन रिकार्ड में दोनों आरोपी शिक्षिकाओं के संपर्क होने के पुलिस को साक्ष्य मिले हैं। पुलिस के मुताबिक युवक मौत से पहले आरोपियों के कांटेक्ट में था। काल रिकार्ड में यह खुलासा हुआ है।
थाने का हो चुका है घेराव
मामले को लेकर एबीवीपी सोलन सदर थाना का घेराव कर चुकी है। परिजनों का साथ देते हुए छात्र संघ ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खडे़ किए थे और परिजनों की सुनवाई न करने के आरोप लगाए थे। वहीं पुलिस ने प्रारंभिक छानबीन के बाद आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
फेफड़े हो गए थे फेल
वहीं पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में मौत का कारण फेफड़े फेल होना बताया जा रहा है। पोस्टमार्टम आईजीएमसी में हुआ था। संबंधित चिकित्सकों के मुताबिक फेफड़े फेल होने के कारण यह मौत हुई है। बिसरा जुनगा स्थित फोरेंसिक लैब में भेजा गया है। इसके बाद ही असल कारण पता चलेंगे। पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है।
हर पहलू पर होगी जांच
एसपी सोलन पीके ठाकुर ने कहा कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पारदर्शिता से मामले की छानबीन की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद असल तस्वीर सामने आएगी। परिजन के आरोपों के मुताबिक दो महिलाओं पर मामला दर्ज हुआ है।