सोलन। संयुक्त पटवारी एवं कानूनगो जिला सोलन की वार्षिक बैठक उपायुक्त मदन चौहान की अध्यक्षता में हुई। बैठक में त्रैमासिक बैठकों को सुचारु आयोजित करने पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त पटवारी, कानूनगो वर्ग को देय 4-9-14 का लाभ देने, वार्षिक गोपनीय रिपोर्टों को निर्धारित अवधि में अपडेट करने, कंप्यूटर कार्य के लिए पद सृजित करने, पटवार कानूनगो कार्यालयों के लिए नया फर्नीचर, पटवार-कानूनगो भवन की मरम्मत सहित 25 मांगों पर भी चर्चा हुई।
संघ के प्रधान रोशन लाल वर्मा ने कहा कि सरकार ने पुनर्गठन के बाद जिला में कई तहसीलें व उप तहसीलें सृजित की, मगर बावजूद इसके कोई पटवार या कानूनगो वृत्त सृजित नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि एक पटवार वृत के तहत 30 से 50 गांव हैं। पटवारी को कई-कई कार्य करने पड़ते हैं। बावजूद इसके सरकार राजस्व विभाग के कर्मचारियों की समस्याओं के निदान के लिए कोई विशेष ध्यान नहीं दे रही। बैठक में उपायुक्त ने कई मांगों को पूरा किया तथा बची हुई मांगों को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया। बैठक में महासचिव राकेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ उपप्रधान सूरज प्रकाश पाल, जयमल सिंह, विरेंद्र ठाकुर, राजेंद्र शर्मा, विनोद कुमार शर्मा, रणधीर सिंह चंब्याल, विजयकांत, धर्मचंद, सुभाष शर्मा, सत्यप्रकाश शर्मा, हरिराम ठाकुर, शेर सिंह वर्मा, प्रदीप जस्सल , राकेश प्रेमी, दलीप राणा, रमेश चंदेल, ध्यान सिंह, मलकियत सिंह, हरिराम पंवर समेत सभी तहसीलों तथा उप तहसीलों के प्रधान तथा महासचिवों ने भाग लिया।