ऊना। क्षेत्र के पंजावर निवासी एक व्यक्ति का ट्रक लेकर उसका चालक गायब हो गया है। उक्त व्यक्ति ने मामले को लेकर हरोली थाने में दस्तक दे दी है। पुलिस ने घटनाक्रम को लेकर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। बताया जा रहा है कि उक्त चालक ईसपुर से किसी की आलू की फसल भरकर कोलकाता पहुंचाने के लिए रवाना हुआ था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार राकेश मनकोटिया पुत्र बलदेव मनकोटिया निवासी पंजावर ने शिकायत दर्ज करवाई कि 30 नवंबर 2011 को त्रिलोक सिंह पुत्र सरवण सिंह निवासी ईसपुर ट्रक नंबर एचपी 72 2792 में आलू भर कर कोलकाता गया था और अब तक वापस नहीं आया है। राकेश मनकोटिया ने दो-तीन बार त्रिलोक सिंह को फोन भी किए लेकिन, वह फोन काट देता था। फिर उन्होंने इस बारे में आरोपी के जीजा पप्पू से बात की। उसने राकेश से पहले पैसे देने और ट्रक ले जाने की बात कही। राकेश ने उसको पैसे भी दे दिए, लेकिन फिर भी उन्होंने ट्रक वापस नहीं दिया। एसपी सुमेधा द्विवेदी ने बताया कि पुलिस ने इस संदर्भ में आईपीसी की धारा 406, 407, 506 और 12बी के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर जी है। उन्होंने बताया कि पुलिस घटनाक्रम की छानबीन में जुट गई है।