गगरेट (ऊना)। विकास खंड गगरेट की 14 पंचायतों में वीरवार को ग्रामीण संसद के दूसरे चरण के तहत मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। प्रशासन भी चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
चुनावों के दौरान एसडीएम गगरेट सोमिल गौतम ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, मतदान प्रक्रिया और मतदाताओं के लिए की गई सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए गए ताकि मतदान प्रक्रिया बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से चलती रहे।
प्रशासन की ओर से संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी गई थी। पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र में गश्त करते रहे ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों के तहत मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
गांवों में सुबह से ही चुनावी माहौल देखने को मिला। महिलाएं, बुजुर्ग और युवा मतदाता उत्साह के साथ मतदान केंद्रों तक पहुंचे। कई बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें भी देखने को मिलीं। मतदाता जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, प्रधान, उपप्रधान और वार्ड पंच के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करते नजर आए।