जम्मू/कटड़ा। चार दिन पहले ई-मेल के जरिए माता वैष्णो देवी भवन उड़ाने की धमकी के मामले में पुलिस ने चार-पांच कश्मीरी युवकोें को बंगलूरू से हिरासत में लिया है। यह युवक वहां पढ़ाई करने के लिए गए हैं और उस साइबर कैफे में अकसर नेट यूज करने के लिए आते थे। हालांकि पूछताछ में पुलिस को कहां तक कामयाबी मिली है, इसका पता नहीं चला है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि युवकोें को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। उल्लेखनीय है कि 26/11 के आतंकी अजमल कसाब को फांसी देने के बाद किसी ने माता वैष्णो देवी के भवन को उड़ाने की ई-मेल से धमकी दी थी। कटड़ा के एक होटल मैनेजर को उक्त मेल मिलने के बाद उसने पुलिस को इसकी जानकारी दी थी। जांच में पता चला था कि उक्त मेल बंगलूरू के लाल बहादुर शास्त्री नगर स्थित साइबर कैफे से भेजी गई है। उसके बाद जेएंडके पुलिस की एक टीम बंगलूरू रवाना हुई थी। पुलिस ने साइबर चलाने वाले पति-पत्नी से पूछताछ की थी और उसके बाद वहां अकसर आने वाले कश्मीरी युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
और पढ़ें
उधर, धमकी भरे मेल के खुलासे के बाद बंगलूरू के पुलिस कमिश्नर बीजी ज्योतिप्रकाश मिरजी ने बंगलूरू के तमाम साइबर कैफे संचालकोें को नियमों का पालन न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। पुलिस कमिश्नर के अनुसार उन्हें जब ई मेल के संबंध में जानकारी मिली तो उन्होेंने उसे ट्रेस किया। मेल थ्यागराजानगर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत लाल बहादुर शास्त्री नगर इलाके के साइबर कैफे से भेजा गया था। उन्होंने माना कि बंगलूरू शहर के 90 फीसदी साइबर कैफे आईटी एक्ट गाइड लाइन का पालन नहीं कर रहे हैं। जिस साइबर कैफे से कटड़ा मेल की गई थी, वहां भी न तो रजिस्टर में रिकार्ड होता था और न ही आईटी एक्ट की गाइड लाइन का पालन हो रहा था।