शिमला। जनाब रसोई गैस सिलेंडर तो है लेकिन आपके होम डिलवरी नहीं दे पाऐंगे। आपके के पास मात्र एक विकल्प है , ज्यादा अमरजेंसी है तो सिलेंडर यहीं से खुद ले जाना होगा। इन दिनों शहर की अधिकांश गैस एजेंसी के मजदूरों ने सिलेंडरों की ढुलाई बंद कर दी है। इस कारण उपभोक्ताओं तक गैस सिलेंडर पहुंचाना गैस एजेंसी संचालकों को मुश्किल हो गया है। सिलेंडरों की डिमांड आ रही है लेकिन उपभोक्ता तक पहुंचाए कैसे यह सबसे बड़ी दिक्कत है। जिला प्रशासन जल्द ही इस मामले को सुलझाने का दावा कर रहा है।
गैस एजेंसी संचालक उपभोक्ताओं को सेल्फ की पर्चियां काटकर गोदाम से स्वयं सिलेंडर ले जाने को कह रहे हैं। बीते पांच दिनों से मजदूरों ने गैस सिलेंडरों की ढुलाई बंद कर दी है। मजदूर मजदूरी बढ़ाने की बात पर अड़े हैं। मजदूरों का कहना है कि शहर में गैस सिलेंडर की ढुलाई के लिए निर्धारित किया गया 25 रुपये का रेट नाकाफी है। बढ़ती महंगाई के दौर में 25 रुपये सिलेंडर की ढुलाई से गुजारा नहीं हो रहा। इसको लेकर दो दिन से संजौली, विनीत , बीसीएस की गैस एजेंसियों के तहत सिलेंडरों की ढुलाई करने वाले मजदूरों ने काम बंद कर दिया है।
उधर, जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के नियंत्रक रमेश गंगोत्रा का कहना है कि इस मुद्दे पर प्रशासन गंभीर है जल्द समस्या का हल निकाल लिया जाएगा।