आगरा।‘रोको इस अपराध को, जीने दो हमें आज को, अत्याचार नहीं सहेंगे नहीं सहेंगे, बलात्कारियों को फांसी दो...’ नारों के साथ आवाज बुलंद करते छात्र-छात्राएं और सामाजिक संगठनों के लोग सड़कों पर उतरे। हर चेहरे पर आक्रोश था। सभी दिल्ली में हुए गैंगरेप की खिलाफत करने निकले थे। शहर में शुक्रवार को कई जगह मार्च निकाला गया तो, कई जगह प्रतीकात्मक रूप से आरोपियों को फांसी देकर गुस्से का इजहार किया गया। मार्च में बड़ी तादाद लड़कियों की थी, जो सिंहनी सी दहाड़ रही थीं। हर जगह मानवता को झकझोरने वाली इस घटना पर दोषियों को सरेआम फांसी देने की आवाज बुलंद हुई।
अब चुप नहीं बैठेंगे
सेंट जोंस से शहीद स्मारक तक मार्च निकाला गया। इस बीकॉम की छात्रा नंदिनी, आगरा में शिक्षा का स्कोप नहीं है। यहां से निकलकर बच्चे दिल्ली ही जाते हैं। अब कौन मां-बाप अपनी बेटियों को भेजेगा। मेरे माता-पिता ने दिल्ली में पढ़ाई कर रही दीदी को वापस बुला लिया। लड़कियों के पैर पीछे खींचे जा रहे हैं। अब हम चुप नहीं रहेंगे। सरकार अपराधियों को कठोर से कठोर सजा दे।
कल हमारे साथ भी ऐसा हो सकता है। अपराधियों को सरेआम फांसी दो। अंजलि और अल्पना का कहना था कि जब तक कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, ऐसी घटनाएं होती रहेंगी। सरकार को कड़ा कदम उठाना चाहिए। अन्य छात्रों में धैर्य, आयुष, वरुण, जितिन, तनु आदि थे।
अंतरात्मा जगाने को शांति मार्च
आगरा। डॉ. एमपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन द्वारा शाम को शांति मार्च निकाला गया। शहीद स्मारक पर कैंडल लेकर शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने घटना पर रोष जताया। ग्रुप के चेयरपर्सन स्क्वाड्रन लीडर एके सिंह ने कहा कि इस घटना ने देश को शर्मसार किया है। निदेशक डॉ. राजीव रतन ने कहा कि भर्त्सना को शब्द नहीं हैं। इस मौके पर प्रिंसीपल सरोज सिंह, जितेंद्र चौहान, संतोष कटारा, अंजुला सिंह माहौैर, विधायक जगन प्रसाद गर्ग व धर्मपाल सिंह, डॉ. ज्ञानप्रकाश, डॉ. एसपी सिंह, जेएस फौजदार आदि मौजूद थे।
‘टीच ब्वॉयज नॉट टू रेप’
आगरा। ‘डांट टीच गर्ल्स वाट टू वीयर, टीच ब्वॉयज नॉट टू रेप। वी वांट कैपीटल पनिसमेंट टू रेपिस्ट।’ छात्रा से गैंग रेप करने वाले आरोपियों के खिलाफ फांसी की सजा की मांग करते हुए मेडिकल स्टूडेंट ने कैंडल मार्च निकाला। इमरजेंसी में कैंडल मार्च के समापन पर मेडिकल स्टूडेंट ने दिल्ली में हुई घटना पर रोष व्यक्त किया।
छात्रों ने निकाला जुलूस
आगरा। आगरा विकास मिशन के तत्वावधान में सुबह 11 बजे मेघ सिंह डिग्री कालेज, ग्रीन आगरा कालेज व लाल सिंह डिग्री कॉलेज के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने दिल्ली कांड को लेकर पीली पोखर टेढ़ी बगिया पर विरोध जुलूस निकाला। डॉ. रामवीर शर्मा रवि ने कहा कि फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर दरिंदों को जल्द ही फांसी दी जानी चाहिए। हनी शर्मा, पंकज सिकरवार, धर्मेंद्र राजपूत, नेहा गौतम, पिंकी, नेहा राठौर, सुधा तिवारी, आशु शर्मा, प्रवीन कुमार आदि मौजूद थे।
बिजलीघर चौराहे पर दी सांकेतिक फांसी
आगरा। शिवाजी मार्केट एसोसिएशन द्वारा शुक्रवार शाम को दिल्ली रेप कांड के आरोपियों को बिजलीघर चौराहे पर सांकेतिक फांसी दी गई। संयोजक श्याम पैंगोरिया ने समूचे देश के अधिवक्ताओं से अपील की कि कोई अधिवक्ता बलात्कारियों के केस की पैरवी नहीं करे। कार्यक्रम में सपा नेता श्याम भोजवानी, श्रवण कुमार, शम्मी लूथरा, सरदार गुरदीप सिंह, सुनील कुमार, विस्मय गुप्ता, संजय भल्ला, हर्ष अरोरा, अमित भाटिया, महेश गंगलानी, रवि कनौजिया, हेमंत गिडवानी, पवन पैंगोरिया, अनवर हुसैन, अशोक मल्होत्रा आदि मौैजूद थे।
ताज रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन के व्यापारियों ने दिल्ली कांड के विरोध में कैंडल मार्च निकाला। पीड़िता के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। इस मौके पर डॉ. निर्मल चोपड़ा, बिल्लू चौहान, प्रकाश एस. हिंगोरानी, डॉ. अजीत महाजन, रविंद्रपाल सिंह टिम्मा, रवि शिवहरे, गजेंद्र सिंह, सोमा जसोरिया, अशोक चौबे, रमाशंकर गोयल, नरेश बेरी, पवन गर्ग, अशोक गुप्ता, प्रेमचंद्र गुप्ता आदि मौजूद थे।
आगरा मंडल व्यापार संगठन महिला प्रकोष्ठ की बैठक में दिल्ली कांड को घृणित बताया। वक्ताओं ने महिला अपराधों को लेकर कानून कड़े बनाने की मांग की। नीतू अग्रवाल, हुस्ना बेगम, रीता कपूर, रीता भट्टाचार्य, सोमा जैन आदि मौैजूद थीं।