आगरा। दिसंबर में आयोजित होने वाला ताज लिटरेचर फेस्टिवल इस बार कई मायनों में अलग होगा। आयोजन में साहित्य और कला के रस के साथ इस बार फोटोग्राफी के शौकीन युवाओं को हुनर निखारने का अवसर भी मिलेगा। फोटोग्राफर्स क्लब ऑफ आगरा के अध्यक्ष शाहिल फौजदार, टीएलएफ निर्माता हरविजय वाहिया, निदेशक अशोक जैन सीए ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि 12-14 दिसंबर तक चलने वाले इस उत्सव में फोटोग्राफी की कार्यशाला को भी शामिल किया गया है। इस दौरान आर्किटेक्चरल फोटोग्राफी एंड एक्जिविशन का पोस्टर विमोचन भी किया गया।
आयोजकों ने बताया कि कैनन, इंडिया क्लिक्स की सहभागिता से कुछ महीनों से राष्ट्रीय फोटोग्राफी प्रतियोगिता आयोजित कर रहा है। इसका समापन भी यहीं किया जाएगा। इसकी प्रदर्शनी भी होटल क्लार्क शिराज में लगाई जाएगी। यहीं पर चित्रकार चित्रलेखा सिंह व उद्यमी रंजना बघेल की आर्ट गैलरी भी लगाई जाएगी।
ये कार्यशालाएं होंगी आयोजित
- वस्तु फोटोग्राफी पर कार्यशाला
- रोशनी पर कार्यशाला
- फ्रॉम शूट टू प्रिंट पर वार्ता
नहीं हो सकेगा ‘डाकघर’ का मंचन
रविंद्र नाथ टैगोर द्वारा लिखित प्रसिद्ध नाटक डाकघर का मंचन टीएलएफ में नहीं हो सकेगा। दरअसल नाटक में भाग लेने वाले कुछ कलाकारों की प्रतियोगी परीक्षाएं उक्त तिथियों में पड़ने के कारण यह निर्णय लिया गया है। अशोक जैन सीए व हरविजय वाहिया के अनुसार इसके स्थान पर रविंद्र नाथ टैगोर का ही कथा कोलाज नाटक का मंचन किया जाएगा। डेढ़ घंटे के इस नाटक के अंतर्गत ‘अपराजिता’, ‘दुल्हन’ व ‘भिखारिन’ का मंचन बरेली की दया दृष्टि रंग विनायक रंग मंडल संस्था करेगी। इस मौके पर अर्पण भार्गव, पियूष सचदेवा और रिंकू शर्मा, अमित, अनिल जैन, अतुल आदि उपस्थित रहे।