आगरा। प्रदेश सरकार की प्राथमिकता योजनाओं का हाल ये है कि जहां नजर पड़ी, बस वहीं गड़बड़ियां मिलीं। विकास कार्यो की समीक्षा बैठक में सोमवार को डीएम ने विकास भवन में जब सवाल पूछने शुरू किए तो हकीकत सामने आ गई। डीएम ने लापरवाह 4 अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है, वहीं मॉडल स्कूल की छत गिरने के मामले में जांच रिपोर्ट आने पर इंजीनियर से वसूली करने के निर्देश दिए हैं।
समीक्षा में सामने आया कि राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल मिशन में कई बार चेतावनी मिलने पर भी हैंडपंप लगाने का काम जलनिगम के दो अधिशाषी अभियंता नहीं कर रहे। इन दोनों को जिला योजना बैठक में हैंडपंपों की सूची जनप्रतिनिधियों को देने के निर्देश थे, लेकिन वह लिस्ट ही तैयार नहीं हुई। डीएम पंकज कुमार ने इस पर उनसे स्पष्टीकरण मांगने के लिए सीडीओ को निर्देश दिए। 1582 हैंडपम्पों के मुकाबले केवल 282 ही लग पाए हैं।
माध्यमिक शिक्षा अभियान में मिढ़ाकुर में बनाए जा रहे मॉडल स्कूल की छत गिरने के मामले में डीएम ने निर्माणदायी संस्था पैकफेड के इंजीनियर से कहा कि जांच रिपोर्ट आने पर वसूली की कार्यवाही होगी।
ये है हाल
- समाजवादी पेंशन योजना में सत्यापन ही नहीं शुरू
- समाज कल्याण अधिकारी ने सूची ही नहीं भेजी
- दो बैठकों से गायब मिले स्वच्छता अभियान उपायुक्त
- मनरेगा में लाभार्थियों की फोटो अपलोड करने का काम धीमा
- 13 हजार पहचान पत्रों में कितने बटें, उपायुक्त के पास नहीं जवाब
- बीएसए से पूछा- बंद स्कूलों को छात्रवृत्ति क्यों भेजी गई
- बंद स्कूलों के नाम मास्टर डाटा बेस से डिलीट कराए जाएं
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण, इन्दिरा आवास, वृद्वावस्था, विधवा पेंशन, किसान क्रेडिट कार्ड, सोशल आडिट, ओवर हैड टैंक, टीटीएसपी के कामों की समीक्षा कर काम जल्द करने के निर्देश दिए। बैठक में
सीडीओ के. बालाजी, डीडीओ राजेंद्र प्रसाद, परियोजना निदेशक सचिन यादव सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।