पंडित दीन दयाल उपाध्याय जन्मशती समारोह की तैयारियां जोर शोर चल रही हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की सभा को सफल बनाने के लिए नेता तैयारियों में जुटे हैं तो वहीं कार्यक्रम से महिलाओं को सीधे तौर पर जोड़ने के लिए कई प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्घाटन 25 सितंबर को दीन दयाल धाम फरह में होगा। इसी श्रंखला में 28 सितंबर को सार्वजनिक सभा होगी जिसमें राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सह सर कार्यवाह दत्तात्रेय हंसवोले, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और मथुरा की सांसद हेमा मालिनी मौजूद रहेंगी। शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता विधायक जगन प्रसाद गर्ग, मातृ मंडल सेवा भारती की संयोजक रानी सिंह ने बताया कि 25 सितंबर को सुबह सात बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी। 27 को बालकृष्ण रूप सज्जा और मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्व हिंदू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय संगठन मंत्री दिनेश होंगे। अध्यक्षता राकेश चौहान करेंगी। 29 सितंबर को महिला लोक गीत प्रतियोगिता का आयोजन होगा इसमें सेंसर बोर्ड की सदस्य नीता गुप्ता मुख्य अतिथि होंगी और पूर्व मेयर बेबीरानी मौर्य अध्यक्षता करेंगी। रंगोली, कलश सज्जा, भजन, जिकड़ी, कवि सम्मेलन, कुश्ती दंगल, रसिया दंगल आदि कार्यक्रम भी होंगे। पायल सिंह, राकेश कुमारी चौहान, अनीता दुबे, रूबी साकिया, साक्षी सिंह, शारदा चौहान आदि मौजूद रहीं।