बांदा। बबेरू कोतवाली पुलिस ने जलालपुर गांव में यमुना नदी की झाड़ियों पर नरकंकाल बरामद किया। आशंका जताई गई है कि कंकाल पिछले माह अपहृत किए गए इसी गांव के लट्टू सिंह का है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद डीएनए टेस्ट कराया जाएगा।
11 अगस्त को जलालपुर गांव से लट्टू सिंह पुत्र सूरज सिंह लापता हो गया था। उसके भाई अशोक सिंह ने महिला नीलम उर्फ छिद्दू केवट (मोहारी डेरा, जलालपुर) व एक अन्य को नामजद करते हुए अपहरण का मुकदमा आरोपी नीलम उर्फ छिद्दू को पुलिस ने पहली सितंबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दूसरा आरोपी चुनकावन केवट अभी फरार है। लट्टू सिंह का कुछ अता-पता नहीं चला। अब 15 दिनों बाद बृहस्पतिवार को यमुना नदी में झाड़ियों में नरकंकाल बरामद हुआ है। कोतवाली प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि लट्टू सिंह के परिजनों ने आशंका जताई है कि यह नरकंकाल लट्टू सिंह का है। कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा।