बांदा/अतर्रा/मटौंध। प्रदेश सरकार द्वारा तहसील दिवस की तर्ज पर निकायों में समस्या समाधान दिवस की शुरुआत हो गई। सोमवार को जनपद के सभी स्थानीय निकायों में यह दिवस आयोजित किए गए। बांदा मुख्यालय में डीएम हरेंद्रवीर सिंह भी नगर पालिका परिषद में कुछ देर शामिल रहे।
नगर पालिका परिषद, बांदा में 13 शिकायती पत्र पेश हुए। इनमें अधिकांश समस्याएं जल भराव, नालों की सफाई और कई मोहल्लों में पेयजल संकट से संबंधित थीं। अध्यक्ष विनोद जैन और ईओ वीके श्रीवास्तव समेत जल संस्थान, बिजली और पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। उधर, नगर पालिका परिषद, अतर्रा में 5 शिकायतें दर्ज की गईं। अध्यक्ष पुष्पा जाटव, ईओ नरेंद्र कुमार मिश्र, पूर्व अध्यक्ष कल्लूराम जाटव समेत सदस्य व कर्मचारी मौजूद रहे। नगर पंचायत, मटौंध में थानाध्यक्ष के गैरहाजिर रहने पर एडीएम दयाशंकर पांडेय ने नाराजगी जताई। एडीएम के बुलाने पर आए थानाध्यक्ष उमाशंकर यादव ने सफाई दी कि उन्हें सूचना नहीं मिली। अध्यक्ष बिंदादीन पाल समेत सदस्य और बिजली व जल संस्थान के अवर अभियंता मौजूद रहे।