बांदा। दबंगों ने जेसीबी से सिंचाई की नाली ध्वस्त कर दी। इसके विरोध में किसानों ने क्रमिक अनशन किया है।
मामला सदर तहसील के फुल्ला पुरवा (भरखरी) का है। अशोक लाट में अनशन पर बैठे किसानों ने बताया कि उनके खेतों की सिंचाई के लिए सिंचाई विभाग ने सरकारी नाली बनाई थी। इससे वे लगातार सिंचाई कर रहे थे। अरबई गांव के दबंग परिवार ने 31 जुलाई को असलहों से लैस होकर धावा बोल दिया और जेसीबी से नाली ध्वस्त करा कर अपने चक में मिला ली। इसके पूर्व भी कई बार दबंगाें ने नाली ध्वस्त की लेकिन शिकायत पर अफसरों ने इसे चालू करा दिया था। प्रशासन को झूठी रिपोर्ट देकर दबंग गुमराह कर रहे हैं। किसानों ने मांग की है कि जांच कराकर मुकदमा दर्ज हो और फसलों को पहुंचे नुकसान का मुआवजा दिया जाए। पैमाइश कराकर नाली पुन: चालू कराई जाए। अनशनकारी किसानों मेें छोटेलाल, बुद्धविलास, विजय, चुनूबाद, राम सिंह, बाला प्रसाद, फूलचंद्र, द्वारिका, इंद्रजीत, बारातीलाल, ऊषा देवी, राम प्रताप, राजाभइया इत्यादि शामिल हैं।