बांदा। छेड़छाड़ और महिला से मारपीट के आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए दबिश देने गए शहर कोतवाली के दरोगा और सिपाहियों पर अभियुक्त के परिजन टूट पड़े। उनकी लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी और आरोपी को छुड़ा लिया। दरोगा ने पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के तिंदवारा गांव में 5 अक्तूबर को महिला के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की घटना हुई थी। अगले दिन लल्लू पुत्र चुन्नू (मजरा कुटिया) के विरुद्ध कई धाराओं का मुकदमा दर्ज हुआ। बुधवार को शाम उसकी तलाश में कोतवाली के उप निरीक्षक रितेश कुमार गुप्ता कुछ सिपाहियों के साथ गांव पहुंचे। दरवाजे पर बैठे लल्लू को दबोच लिया। आरोपी लल्लू का शोर सुनकर उसके पिता व भाई लाठी-डंडे लेकर दौड़ पड़े और पुलिस पार्टी पर हमला करके आरोपी लल्लू को छुड़ा लिया। घटना के बाद से सभी फरार हैं। दरोगा ने शहर कोतवाली में आरोपी लल्लू, सहित उसके पिता चुन्नू और तीन भाइयों मुन्नू, बच्चू व तिलौवा के खिलाफ धारा मुकदमा दर्ज किया है।